बरेली: अब शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए एक नई पहल शुरू की गई है। शहर के किसी भी हिस्से में जाम लगने पर नागरिक अब सीधे ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 0581-2565758 और 9760160112 पर कॉल कर सकते हैं। इस सुविधा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश ट्रांसपोर्ट यूनियन ने यातायात एवं परिवहन विभाग के सहयोग से सैटेलाइट चौराहे पर आयोजित जन जागरूकता अभियान के दौरान किया। यह बरेली जिले का पहला ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर है, जिसे सीधे ट्रैफिक कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है।
हेल्पलाइन नंबर को आम जनता तक पहुंचाने के लिए शहर में चलने वाले टेंपो, कार और अन्य वाहनों पर लगभग 500 जागरूकता स्टीकर लगाए गए हैं। इससे जाम की स्थिति में लोगों को तुरंत संपर्क करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में एआरटीओ वैभव सोती और ट्रैफिक सीओ हर्ष मोदी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि बरेली में स्थापित यह ट्रैफिक कंट्रोल रूम प्रदेश के लिए एक मॉडल पहल है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
नागरिकों को समय और परेशानी में मिलेगी राहत
ट्रांसपोर्ट यूनियन के संरक्षक विशाल मेहरोत्रा और महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे पहले बरेली में ट्रैफिक हेल्पलाइन की शुरुआत होना जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन पर सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने का प्रयास करेगी, जिससे नागरिकों का समय और परेशानी दोनों बचेंगी।
इस अवसर पर ट्रांसपोर्टरों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रभजीत सिंह, विष्णु शुक्ला, डॉ. प्रदीप सक्सेना, हेमंत, मनोज गुप्ता, ट्रैफिक इंस्पेक्टर रंजीत सिंह, एसआई जितेंद्र सिंह, एसआई कपिल और सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।