गोरखपुर: गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में बड़गहन स्थित इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (ITM) गीडा के बीसीए छात्र ने एक अत्याधुनिक एआई एनिमल कैमरा (AI Animal Camera) विकसित किया है। इस कैमरे का लक्ष्य किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाना है। खेतों में आने वाले जानवरों को कैमरा सेंसर की मदद से पहचानता है। जानवर के करीब आते ही यह तेज अलार्म बजाता है और उच्च चमक वाली लाल-सफेद रोशनी उत्सर्जित करता है। तेज आवाज और रोशनी से जानवर डरकर खेत से दूर भाग जाते हैं।
इस तरह बीसीए छात्र अश्विनी उपाध्याय द्वारा बनाया गया यह उपकरण फसलों को नुकसान से बचाने में प्रभावी साबित हो सकता है। अश्विनी ने बताया कि जानवरों की गतिविधि महसूस होते ही अलार्म सक्रिय हो जाता है और किसान के मोबाइल नंबर पर कॉल अलर्ट भी भेजता है। यह कैमरा 30 से 50 फीट की दूरी से जानवरों की पहचान करने में सक्षम है और 10 से ज्यादा जंगली जानवरों की आवाजें उत्पन्न कर उन्हें खेतों में प्रवेश करने से रोकने में मदद करता है।
एक बार चार्ज होने पर पांच दिन चलता है
अश्विनी उपाध्याय ने बताया कि इस परियोजना को AI सेंसर, AI कैमरा, 12 मिनी सोलर प्लेट, 6 वोल्ट बैटरी, मोटर गियर और अलार्म जैसे उपकरणों की सहायता से तैयार किया गया है। एक बार चार्ज करने पर यह कैमरा पांच दिनों तक लगातार काम करता है। इस उपकरण को बनाने में 20 दिन का समय और करीब 35,000 रुपये का खर्च आया है।
संस्थान निदेशक ने भी की सराहना
संस्थान के निदेशक डॉ. एन. के. सिंह ने बीसीए छात्र अश्विनी उपाध्याय की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह तकनीक किसानों को बिना किसी जानवर को नुकसान पहुंचाए उनकी फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अत्यंत मददगार साबित होगा। इस तकनीक से हम जानवरों को नुकसान पहुंचाए बिना अपने खेतों में लगी फसल को सुरक्षित कर सकते हैं।

डॉ. एन.के. सिंह, निदेशक, आईटीएम गीडा
वहीं, संस्थान के अध्यक्ष नीरज मातनहेलिया, सचिव श्याम बिहारी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निकुंज मातनहेलिया, संयुक्त सचिव अनुज अग्रवाल सहित संस्थान के सभी शिक्षकों ने छात्र की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।