लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पेट्रोलियम कंपनी के स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटर संजय भंडारी शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए मौजूदा संकट को लेकर स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल और LPG की कमी नहीं है। 25-26 मार्च के बीच पैनिक बाइंग से अचानक डिमांड बढ़ी, लेकिन सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। हर जगह डिलीवरी की जा रही है।
संजय भंडारी ने बताया कि सिर्फ दो दिनों में पैनिक का माहौल बना, लेकिन इसके बावजूद कहीं भी सप्लाई बाधित नहीं हुई। 26 मार्च को खासतौर पर लखनऊ समेत कई जिलों में डिमांड बढ़ी, जिसके मुताबिक टैंकर भेजकर सभी जरूरतों को पूरा किया गया। राज्य में 7 दिन का बैकअप स्टॉक रहता है। पर्याप्त रिजर्व मौजूद है।
पेट्रोल-डीजल की खपत लगभग दोगुनी हुई
26 मार्च, 2025 के मुकाबले 26 मार्च, 2026 को पेट्रोल की सप्लाई लगभग दोगुनी हो गई। पिछले साल 15 हजार किलोलीटर पेट्रोल की सप्लाई थी, जो इस बार बढ़कर 29 हजार किलोलीटर यानी करीब 2 करोड़ 90 लाख लीटर पहुंच गई। डीजल में भी यही ट्रेंड दिखा। 2025 में 28 हजार किलोलीटर डीजल की सप्लाई थी, जो 2026 में बढ़कर 51 हजार किलोलीटर यानी करीब 5 करोड़ 1 लाख लीटर हो गई।
उन्होंने कहा कि LPG की डिमांड भी अचानक बढ़ी है। 26 मार्च को करीब 11.90 लाख सिलेंडर बुक हुए, जिनमें से 7.83 लाख की डिलीवरी कर दी गई। सामान्य दिनों में जहां 10 लाख बुकिंग होती है, वहां करीब 7 लाख सिलेंडर ही डिलीवर होते हैं। लखनऊ, सीतापुर, बहराइच और गोंडा में एक-दो दिनों के भीतर डिमांड ज्यादा रही। वहीं गोरखपुर, महाराजगंज, बस्ती और अयोध्या में पहले बढ़ी मांग अब सामान्य हो चुकी है।
मजबूत सप्लाई सिस्टम, हर पंप पर नजर
स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटर ने कहा कि ऑटोमेशन सिस्टम के जरिए हर रिटेल आउटलेट की निगरानी की जा रही है। जहां सामान्य से पांच गुना तक बिक्री बढ़ती है, वहां तुरंत सप्लाई बढ़ाने का मैकेनिज्म लागू किया जाता है। इंडियन ऑयल के साथ-साथ भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम तीनों कंपनियां मिलकर लगातार सप्लाई बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा, प्रदेश में करीब 4.85 करोड़ LPG उपभोक्ता हैं। डिस्ट्रीब्यूटर के पास औसतन डेढ़ दिन और बॉटलिंग प्लांट पर करीब 4 दिन का स्टॉक मौजूद है। पेट्रोल पंपों पर भी 4-5 दिन का स्टॉक रहता है, जबकि कुल मिलाकर 15-18 दिन का रिजर्व उपलब्ध है। केंद्र सरकार के अनुसार देश में करीब 60 दिन का क्रूड ऑयल स्टॉक भी मौजूद है, जो सामान्य से ज्यादा है।
अफवाहों से बचें, सामान्य तरीके से खरीदारी करें
भंडारी ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। न तो कोई क्राइसिस है और न ही सप्लाई चेन में कोई बाधा है। पेट्रोल-डीजल की खरीद पर किसी तरह की कोई रोक नहीं है, इसलिए लोग जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें और पैनिक बायिंग से बचें।
ऑयल कंपनियों की मीटिंग, पेमेंट मुद्दा होगा साफ
स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटर संजय भंडारी ने बताया कि भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के साथ मीटिंग बुलाई गई है। पेमेंट से जुड़ा जो मुद्दा सामने आया है, वह कंपनियों का आंतरिक मामला हो सकता है, लेकिन बातचीत के जरिए इसे जल्द सुलझा लिया जाएगा।