मेरठ: उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में खिल रही धूप से राहत मिली है तो कुछ जिलों में शीतलहर से लोग हांड कंपाने वाली ठंड से परेशान हैं। वहीं, मेरठ जिले में कड़ाके की ठंड के चलते बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बड़ा आदेश दिया है। डीएम के आदेशानुसार, माध्यमिक शिक्षा परिषद, संस्कृत शिक्षा बोर्ड, मदरसा बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से संबंधित सभी स्कूलों में प्री-नर्सरी से कक्षा 9 तक की कक्षाएं 13 और 14 जनवरी तक बंद रहेंगी।
कक्षा 10 से 12वीं तक के छात्रों के लिए स्कूल सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे। परीक्षाएं पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन ने सभी स्कूलों से आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। अभिभावकों से अपील है कि बच्चों की देखभाल करें।
मेरठ में घने कोहरे ने बढ़ाई सड़कों पर दिक्कत
मेरठ में देर रात घना कोहरा छाने से दृश्यता बेहद कम हो गई। इससे सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कड़ाके की ठंड के कारण आमजन कांपने को मजबूर हैं, और लोगों को ठंड से कोई खास राहत नहीं मिल पा रही है। रात और दिन सर्द हो रहे है। रात का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पश्चिम उत्तर प्रदेश में शीतलहर के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सर्द हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी है। ठंड का सबसे अधिक असर मजदूर वर्ग रिक्शा चालकों ठेले वालों और खुले में काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। सुबह शाम ठंड इतनी तेज हो रही है कि लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं। घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों और शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं।