नई दिल्ली: देश जब सन् 1947 में आजाद हुआ था, तब सोना 88.62 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था, जो अब 1 लाख पर है। यानी तब से लेकर अब तक सोना 1127 गुना (112741%) महंगा हो चुका है। मंगलवार (22 अप्रैल) को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम पहली बार ₹1 लाख रुपये पर पहुंच गया है। एक दिन पहले सोमवार को सोने की कीमत ₹96,670 थी।
इधर, चांदी की कीमत ₹342 गिरकर ₹95,900 प्रति किलो हो गई है। सोमवार को चांदी का भाव ₹96,242 प्रति किलो था। चांदी ने 28 मार्च को ₹1,00,934 का ऑल टाइम हाई बनाया था।
सोने में तेजी के 3 कारण
- अमेरिका की टैरिफ पॉलिसी के कारण ट्रेड वॉर का खतरा बढ़ गया है। इससे इकोनॉमी के बढ़ने की रफ्तार धीमी हो सकती है। ग्लोबल मंदी की आशंका भी बढ गई है। ऐसे में लोग सोने में अपना निवेश बढ़ा रहे हैं। मंदी के समय सोने को सुरक्षित निवेश माना जाता है।
- डॉलर के मुकाबले रुपये के कमजोर होने से सोने की कीमतों में तेजी आई है। ऐसा इसलिए क्योंकि जब रुपया कमजोर होता है तो इसे इंपोर्ट करने में ज्यादा पैसे खर्च होते हैं। इस साल रुपए में लगभग 4% की गिरावट आई है, जिससे सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ गया है।
- शादियों का मौसम शुरू हो गया है, ऐसे में सोने के गहनों की मांग बढ़ रही है। मुंबई, दिल्ली और चेन्नई जैसे शहरों में ज्वेलर्स ने बताया कि ऊंची कीमतों के बावजूद बिक्री में तेजी है, क्योंकि लोग सोने को निवेश और समृद्धि के प्रतीक के रूप में देखते हैं।
चार महानगरों में सोने की कीमत
- दिल्ली- 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 93,050 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1,01,500 रुपए है।
- मुंबई- 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 92,900 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1,01,350 रुपए है।
- कोलकाता- 10 ग्राम 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 92,900 रुपए और 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत 1,01,350 रुपए है।
- चेन्नई- 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 92,900 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1,01,350 रुपए है।
112 दिन में 23,838 रुपए महंगा हो चुका है सोना
इस साल यानी 1 जनवरी से अब तक यानी, 112 दिन में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 76,162 रुपए से 23,838 रुपए बढ़कर 1 लाख रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी का भाव 86,017 रुपए प्रति किलो से 9,883 रुपए बढ़कर 95,900 रुपए पर पहुंच गया है।