देश-दुनिया, राजनीति, सोशल मीडिया

NCP Merger: पूरी होनी चाहिए अजित की इच्छा, शरद पवार ने ऐसा क्यों कहा? जानिए

NCP Merger: पूरी होनी चाहिए अजित की इच्छा, शरद पवार ने ऐसा क्यों कहा? जानिए

NCP Merger: महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की खबरों के बीच एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। बारामती में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शरद पवार ने कहा कि उन्हें शपथ ग्रहण के बारे में मीडिया रिपोर्ट्स से पता चला। वहीं जब उनसे पूछा गया कि क्या पवार परिवार से कोई इस समारोह में शामिल होगा, तो उन्होंने कहा, ‘मुझे शपथ ग्रहण के बारे में नहीं पता। हमें इसके बारे में खबरों से पता चला। मुझे शपथ ग्रहण के बारे में कोई जानकारी नहीं है।’ उन्होंने कहा कि यह फैसला एनसीपी ने लिया होगा। उन्होंने कहा, ‘प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे जैसे कुछ लोगों ने पहल की। इन लोगों ने शायद कुछ तय किया होगा।’ वहीं शरद पवार से जब मीडियाकर्मियों ने पूछा कि क्या एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की स्थिति में वह एनडीए का हिस्सा बनने पर विचार करेंगे, तो शरद पवार ने साफ कहा कि, ‘यह सब आपकी तरफ (मीडिया) से चल रहा है, यहां ऐसा कुछ भी नहीं है।’

शरद पवार ने बताया कि उन्होंने अखबारों में कुछ नाम देखे हैं, जिनमें प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे शामिल हैं, जो कथित तौर पर कुछ फैसलों की पहल कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा, ‘मुझे न तो इस पर कोई जानकारी है और न ही यह पता है कि ऐसा कुछ हो भी रहा है या नहीं।’ शरद पवार ने कहा, “मुझे जो पता है वह यह है कि हमारी पार्टी (एनसीपी-एससीपी) और अजीत पवार की पार्टी (एनसीपी) के साथ मिलकर काम करने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी और इस पर जल्द ही फैसला लिया जाना था। हालांकि, यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना (अजीत पवार का निधन) घटित हो गई।

भतीजे अजित पवार को लेकर हुए भावुक

इसी दौरान शरद पवार दिवंगत नेता अजित पवार को याद करते हुए भावुक हो गए, उन्होंने कहा कि अजित पवार एक सक्षम और समर्पित नेता थे, जो लोगों की समस्याओं को गहराई से समझते थे और हमेशा न्याय दिलाने के लिए काम करते थे। शरद पवार के मुताबिक, बारामती की जनता ने हमेशा अजित पवार का साथ दिया और वे अपनी जिम्मेदारियों में कभी पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा कि उनके निधन से सभी को गहरा सदमा लगा है, लेकिन अब जो स्थिति बनी है, उसमें मजबूती से आगे बढ़ना जरूरी है। शरद पवार ने आगे कहा कि, ‘हमें लोगों के दुख-दर्द को कम करने के लिए काम करना होगा और उन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाना होगा, जिनके साथ उन्होंने सेवा की।’ उन्होंने भरोसा जताया कि उनके परिवार की नई पीढ़ी जरूर उनकी विरासत और कार्यशैली को आगे बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *