बरेली: मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. कुमार की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में सोमवार को मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। इसमें उद्योग जगत से जुड़े अहम फैसले लिए गए। औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा और सीबीगंज की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने से लेकर फायर स्टेशन और ट्रक लेन निर्माण तक के प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
एनएचएआई मुरादाबाद के अधिकारियों ने बताया कि फतेहगंज के पास ग्राम ट्यूलिया में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर दो ट्रक लेन बनाए जा रहे हैं। लगभग 50% काम पूरा हो चुका है और नवंबर के अंत तक इसे पूरा कर लिया जाएगा। इससे औद्योगिक वाहनों की पार्किंग और आवाजाही में काफी सुविधा मिलेगी।
बिजली व्यवस्था पर खास फोकस
कमिश्नर ने मुख्य अभियंता विधुत वितरण को निर्देश दिए कि परसाखेड़ा और सीबीगंज में हर माह 6 और 7 तारीख को मेगा कैम्प आयोजित किए जाएं ताकि उद्यमियों की बिजली से जुड़ी शिकायतें मौके पर ही सुलझ सकें। साथ ही, हर दिन मेंटेनेंस टीम की डिटेल्स व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा करने के निर्देश दिए गए।
रामा श्यामा पेपर मिल रोड बनेगी जल्द
बैठक में जिला पंचायत की ओर से बताया गया कि एनएच-30 से बहादुरपुर तक जाने वाली रामा श्यामा पेपर मिल रोड को अनुपूरक योजना में शामिल कर लिया गया है। नवंबर में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
अग्निशमन विभाग ने बताया कि परसाखेड़ा में फायर स्टेशन स्थापना के लिए पुनः अनुमति मांगी गई है। फिलहाल यूपीसीडा की ओर से दी गई जमीन मानक से कम है। इस पर कमिश्नर ने निर्देश दिए कि आरएम यूपीसीडा अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराएं ताकि अगली बैठक से पहले इस प्रस्ताव का निस्तारण हो सके।
जनवरी 2026 में लॉन्च होगी नाथधाम MSME टाउनशिप
बरेली विकास प्राधिकरण के वीसी डॉ. मणिकंदन ए ने बताया कि नाथधाम MSME टाउनशिप योजना जनवरी 2026 में लॉन्च होने की संभावना है। इसमें मिनी ट्रांसपोर्ट नगर भी प्रस्तावित है। इस घोषणा पर उद्यमियों ने खुशी जताई और इसे उद्योगों के लिए बड़ा कदम बताया।
बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी, संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेन्द्र कुमार, उपायुक्त उद्योग बरेली विकास यादव, शाहजहांपुर अनुराग यादव, पीलीभीत मुकेश कुमार और कई उद्यमी एवं विभागीय अधिकारी शामिल रहे।