Lucknow News: शहर में निर्माण और ध्वंस कार्य से निकलने वाले मलबे (Construction & Demolition Waste – C&D Waste) के समुचित निस्तारण के लिए नगर निगम लखनऊ ने एक नई पहल की है। अब नागरिक अपने घर या निर्माण स्थल से निकले मलबे को आसानी से ‘लखनऊ वन एप (Lucknow One App)’ के माध्यम से उठवा सकते हैं। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि नगर निगम द्वारा इस उद्देश्य के लिए शहर के आठ स्थानों पर सीएंडडी सेकेंडरी कलेक्शन पॉइंट्स विकसित किए गए हैं। ये स्थान ऐसे क्षेत्रों में चुने गए हैं जहां से मलबा एकत्र कर आगे निस्तारण केंद्र तक भेजा जा सकेगा। नागरिक इन कलेक्शन पॉइंट्स की पूरी जानकारी लखनऊ वन एप पर प्राप्त कर सकते हैं।
यह एप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर दोनों पर उपलब्ध है। उपयोगकर्ता एप डाउनलोड करके “Construction Waste” श्रेणी में जाकर अपनी लोकेशन डाल सकते हैं, जिसके बाद नगर निगम की अधिकृत एजेंसी वहां से मलबा उठाने की व्यवस्था करेगी। नगर आयुक्त ने बताया कि इस व्यवस्था से सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर मलबा फेंकने की समस्या में कमी आएगी और शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि यह कदम लखनऊ को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि निर्माण या ध्वंस कार्य से निकलने वाला कोई भी मलबा सड़कों या खाली प्लॉट में न डालें, बल्कि केवल निर्दिष्ट निपटान स्थल या एप आधारित सेवा का ही उपयोग करें।