उत्तर प्रदेश, राजनीति

शेरगढ़-बशुधरन मार्ग का चार किमी चौड़ीकरण शुरू, सांसद छत्रपाल गंगवार ने किया शुभारंभ

शेरगढ़-बशुधरन मार्ग का चार किमी चौड़ीकरण शुरू, सांसद छत्रपाल गंगवार ने किया शुभारंभ

बरेली: देवरनियां में शेरगढ़-बशुधरन मार्ग के 04 किलोमीटर चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ सांसद छत्रपाल गंगवार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें बिना किसी भेदभाव के हर क्षेत्र में विकास कार्य कर रही हैं। उन्‍होंने जोर देकर कहा कि कोई भी गांव बिना सड़क के नहीं रहेगा और कहीं भी कोई टूटी-फूटी सड़क नहीं बचेगी।

सांसद गंगवार ने यह भी बताया कि भाजपा सरकार प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि सभी को रसोई गैस मिलेगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी ने जमाखोरी की या मूल्य से अधिक दाम में गैस बेची, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एमएलसी बहोरन बोले- प्रदेश में गुंडागर्दी खत्‍म हुई

एमएलसी बहोरन लाल मौर्या ने इस अवसर पर कहा कि पूरे प्रदेश में गुंडागर्दी समाप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि उनकी विधानसभा में कई पुलों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य भी चल रहा है। इस लगभग चार किलोमीटर के चौड़ीकरण से यहां से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों की परेशानी दूर होगी।

सांसद और एमएलसी ने नारियल फोड़कर सड़क चौड़ीकरण के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भरत सिंह, जेई विवेक त्रिवेदी, योगेंद्र पाल, जिला पंचायत सदस्य विजय शर्मा, राजेंद्र मिश्रा, सत्यपाल गंगवार, राहुल राठी, बुद्धसेन मौर्य, राज कुमार द्विवेदी, डॉ. राज पाल गंगवार, बृजेश गुप्ता, महेश शर्मा और महिपाल शर्मा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *