लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवाओं के साथ छुटपुट बूंदाबांदी भी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। दिन में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। देर रात न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में ज्यादातर समय बादल छाए रहने के साथ में बरसात की संभावना जताई गई है।
रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.5 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री रहा। दिन में कई बार बारिश के साथ धूप-छांव की स्थिति बनी रही। बारिश से जहां लोगों को राहत मिली, वहीं कुछ इलाकों में धूप के चलते उमरभरी गर्मी भी रही।
चार दिनों तक लगातार बारिश
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून के चलते अगले चार दिनों तक लगातार बारिश की संभावना बनी हुई है। 24 और 25 जून को अच्छी बारिश के आसार हैं। इसके बाद बारिश का दौर हल्का होगा, जबकि 28 जून से बादलों की गरज चमक के साथ धूप छांव की स्थिति देखने को मिलेगी। इस दौरान उमस भरी गर्मी बढ़ेगी। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में मेघगर्जन और बिजली गिरने के साथ कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आज पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने उत्तर प्रदेश में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, आज मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है। 18 जून को सोनभद्र से प्रदेश में प्रवेश करने के बाद, 20 जून तक मानसून ने उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर ज्यादातर क्षेत्रों को कवर कर लिया था। हालांकि, पिछले 48 घंटों में निम्न दाब क्षेत्र के प्रभाव से बारिश मुख्य रूप से दक्षिणी हिस्सों तक सीमित रही।
रविवार को मानसून की उत्तरी सीमा (NLM) आगरा, रामपुर, जयपुर, देहरादून, शिमला, पठानकोट और जम्मू सहित हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तरी पंजाब के कुछ हिस्सों तक पहुंच गई है। मौसम विभाग का कहना है कि निम्न दाब क्षेत्र के उत्तर प्रदेश में प्रवेश, मध्य क्षोभमंडल में पाकिस्तान से बांग्लादेश तक बनी मौसमी द्रोणी और अन्य अनुकूल परिस्थितियों के कारण अगले कुछ दिनों में बारिश का दायरा बढ़ेगा।