गोरखपुर: हर साल 11 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है, जो विज्ञान, प्रौद्योगिकी और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में महिलाओं और लड़कियों की पूर्ण एवं समान भागीदारी को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। इसी अवसर पर गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में बड़गहन स्थित इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (ITM) गीडा की चार छात्राओं ने कमाल का इनोवेशन किया है। बी.टेक और बीसीए डिपार्टमेंट की छात्रा प्रिया सिंह, अंजलि कुमारी, मुस्कान और वैष्णवी साहनी ने मिलकर एक ऐसा जीपीएस ट्राउज़र तैयार किया है, जो बच्चों को ट्रैक करने में मदद करेगा।
छात्रा अंजलि कुमारी ने बताया कि देश में आजकल छोटे बच्चे तेजी से गायब हो रहे हैं। समाचारों और सोशल मीडिया के जरिए हमने देखा है कि कई बच्चे दिल्ली और उत्तर प्रदेश से लापता हो रहे हैं। अभी गोरखपुर से भी एक बच्ची के गायब होने की खबर हमने देखी। ऐसी समस्याओं को ही ध्यान में रखते हुए हमने इस जीपीएस ट्राउज़र को डिजाइन किया है। इसके जरिए गुमशुदा बच्चों को लाइव ट्रैक कर उन तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
ऑडियो रिकॉर्ड करने की भी सुविधा
प्रिया सिंह ने बताया कि इस जीपीएस ट्राउज़र को अंडरगारमेंट की तरह बच्चे या बड़े पहन सकते हैं। यह ट्राउज़र बच्चों को ट्रैक करने के साथ ही परिजनों और मेडिकल हेल्पलाइन नंबर से संपर्क करने में सक्षम है। इस जीपीएस ट्राउज़र में 5 नंबर सेट किए जा सकते हैं। इसके साथ ही इसमें ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी सुविधा है, जिससे घटनास्थल का ऑडियो रिकॉर्ड करने में मदद मिलेगी।
वैष्णवी ने बताया कि जीपीएस ट्राउज़र में एक बटन लगा है, जिसे प्रेस करके मदद बुलाई जा सकती है। साथ ही इसे लाइव लोकेशन के साथ भी ट्रैक किया जा सकता है। इस तकनीक की मदद से गुमशुदा बच्चों को ट्रैक कर उनका पता लगाया जा सकता है। वहीं, मुस्कान ने बताया कि इस जीपीएस ट्राउज़र को बनाने में पांच दिनों का समय और 7500 रुपये का खर्च आया है।

डॉ. एन. के. सिंह, निदेशक, आईटीएम गीडा
संस्थान निदेशक ने की इनोवेशन की तारीफ
संस्थान के निदेशक डॉ. एन. के. सिंह ने छात्राओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमारे कॉलेज की छात्राओं ने देश में बच्चों के गुमशुदा होने की घटना को ध्यान में रखते हुए एक (जीपीएस ट्राउज़र) बनाया है, जो बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से उपयोगी साबित हो सकता है। वहीं, संस्थान के अध्यक्ष नीरज मातनहेलिया, सचिव श्याम बिहारी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निकुंज मातनहेलिया, संयुक्त सचिव अनुज अग्रवाल सहित संस्थान के सभी शिक्षकों ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।