नई दिल्ली: देश में फरवरी माह के दूसरे सप्ताह में मैदानी राज्यों राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पारा 30°C का आंकड़ा पार कर चुका है। इन राज्यों में कई जिलों में तेज गर्मी पड़ रही है और सुबह-शाम सर्दी हो रही है। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ 31°C रहा, वहीं मध्य प्रदेश के 15 शहरों में तापमान ने 30°C तक पहुंच गया। दक्षिण भारत के कर्नाटक में आज गर्मी का अलर्ट है।
हिमालय के राज्यों में उत्तराखंड के 7 शहरों में पारा माइनस 10°C से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। गुरुवार को सबसे कम तापमान मुनस्यारी में माइनस 26 डिग्री रहा। हिमाचल प्रदेश के सात शहरों में गुरुवार को पारा 5 डिग्री से कम रहा। वहीं, जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में अभी हल्की बर्फबारी का दौर चल रहा है। बुधवार-गुरुवार को अनंतनाग में बर्फबारी हुई। कश्मीर को जम्मू से जोड़ने वाली मुगल रोड पर कई फीट बर्फ जमी है, इसके कारण यह अभी भी बंद है।
उत्तराखंड के 7 शहरों का तापमान -10°C से नीचे
प्रदेश के सभी जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। किसी भी जिले में बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं। हल्की धूप से तापमान में भी बढोतरी होगी। ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की सर्दी का असर साफ दिख रहा है। सात शहरों का न्यूनतम तापमान शून्य से माइनस 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। मुनस्यारी में सबसे कम माइनस 26°C रिकॉर्ड किया गया।
उत्तर प्रदेश में 17 फरवरी को होगी बारिश
प्रदेश में सुबह और देर शाम हल्की सर्दी अभी कायम है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 फरवरी के आसपास पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। गुरुवार को लगातार तीसरे दिन बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 31.2°C रहा। प्रयागराज में 30.4°C और वाराणसी में 29.9°C तापमान दर्ज किया गया।
राजस्थान में 2 दिन में फिर बारिश की संभावना
राजस्थान में मौसम फिर बदल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले हफ्ते एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है। इससे हल्की बारिश होने की संभावना है। गुरुवार को बादल छाने से सुबह-शाम सर्दी रही। हुई। फतेहपुर में तापमान 5.9 डिग्री और बाड़मेर, चित्तौड़गढ़ में तापमान 31 डिग्री से ज्यादा दर्ज हुआ।
हिमाचल के 2 जिलों में कोहरे का अलर्ट
प्रदेश के मैदानी इलाकों में आज कोहरा पड़ने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने मंडी और बिलासपुर जिला में सुबह 10 बजे तक कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। इससे विजिबिलिटी 100 मीटर से भी नीचे गिर सकती है।
अगले दो दिन का मौसम
14 फरवरी: राजस्थान में मौसम साफ रहने और तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
15 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी-बारिश से राहत की संभावना, मैदानी और निचले क्षेत्रों में मौसम साफ रह सकता है।