बरेली: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने सपा सांसद डिंपल यादव पर की गई मौलाना साजिद रशीदी की टिप्पणी को शर्मनाक बताया। उन्होंने श्लोक सुनाते हुए कहा कि नारी का सम्मान होना चाहिए। नारी के जो रूप होते हैं, वह वंदनीय और पूज्यनीय हैं। उन्होंने कहा कि मौलानी साजिद रशीदी की टिप्पणी बहुत ही निंदनीय है। इस पर अखिलेश यादव चुप्पी नहीं तोड़ रहे हैं, यह और गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मुस्लिम वोट बैंक के लिए कुछ भी कर सकते हैं। जो अपनी धर्मपत्नी के अपमान पर एक शब्द तक नहीं बोल पा रहे हैं, यह बहुत भी चिंतनीय है।
ड्रोन के पीछे बताया षड्यंत्र
कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने बरेली के सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता की। उन्होंने प्रदेश में ड्रोन को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों के पीछे षड्यंत्र बताया। उन्होंने कहा कि यह भ्रम और अफवाह फैलाई जा रही है। कानून व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर धर्मपाल सिंह ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में कानून नहीं था। गुंडई होती थी। आज उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था के मामले में उत्तम प्रदेश है। इसके चलते प्रदेश में सबके ज्यादा निवेश हुआ है। बरेली में भी फैक्टरियां लग रही हैं।
जनता को भ्रमित कर रहा विपक्ष– धर्मपाल
विपक्ष द्वारा लगातार ऑपरेशन सिंदूर का मुद्दा उठाया जा रहा है, इस सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास जतना से जुड़े मुद्दे नहीं हैं। जनता को भ्रमित कर वोट लेना चाहता है। आज एक भारत, श्रेष्ठ भारत, आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। भारत दुनिया में आर्थिक रूप से मजबूत पायदान पर खड़ा है। दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। बहुत जल्दी विकसित देशों की श्रेणी में आने वाला है।