उत्तर प्रदेश, राजनीति, सोशल मीडिया, स्पेशल स्टोरी

Magh Mela 2026: निगम की बसों में 10 लाख श्रद्धालुओं ने की यात्रा

Magh Mela 2026: निगम की बसों में 10 लाख श्रद्धालुओं ने की यात्रा
  • प्रमुख स्नान तिथियों पर 7533 बसों का किया गया अतिरिक्त संचालन

  • 3 जनवरी 2026 से 1 फरवरी 2026 तक औसतन 1178 बसें हुईं प्रतिदिन संचालित

Magh Mela 2026: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा माघ मेले हेतु व्यापक बस सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। पूरे प्रदेश से लगभग 3800 बसें माघ मेले में लगायी गयी हैं। एक फरवरी 2026 तक लगभग 10 लाख श्रद्धालु एवं पर्यटक प्रयागराज पहुंचे और संगम के पावन धरा पर स्नान का पुण्य लाभ उठाया है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा भी उपलब्ध करवाई है। यह जानकारी परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दी है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने माघ मेले के दौरान प्रयागराज आने-जाने के लिए विशेष बस सेवाओं का संचालन भी  किया, जिनमें एसी और नॉन-एसी बसों की व्यवस्था की गई। इन बसों ने प्रमुख शहरों और गाँवों से प्रयागराज तक सस्ती एवं सुविधाजनक यात्रा की सुविधा प्रदान की। परिवहन मंत्री ने बताया कि सभी बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया। इसके अलावा, बसों में सुरक्षा व्यवस्था, सैनेटाइजेशन और स्टाफ की पर्याप्त तैनाती की गई थी ताकि यात्रियों को पूरी सुरक्षा और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके। माघ मेला के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने सामान्य बसों की संख्या में वृद्धि की और विशेष अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की।

प्रमुख स्नान तिथियों पर अतिरिक्त बसों का किया गया संचालन: परिवहन मंत्री

मंत्री ने बताया, प्रमुख स्नान तिथियों पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया। तीन जनवरी को पौष पूर्णिमा के दिन 1800 बसे आवंटित थी जिसमें से 783 बसों से लगभग 16341 यात्रियों ने यात्रा की, 200 बसें रिजर्व में रखी गयी थी। इसी प्रकार 15 जनवरी को मकर संक्रांति पर 1800 आवंटित बसों में से 1540 बसों से लगभग 30627 ने यात्रा की, 300 बसें रिजर्व में थी। 18 जनवरी को मौनी अमावस्या पर 3800 आवंटित बसों में से 2387 बसों से 74462 यात्रियों ने यात्रा की, 485 बसें रिजर्व थी। 23 जनवरी को बसंत पंचमी पर 1800 आवंटित बसों में से 1526 बसों के संचालन से 48111 यात्रियों ने यात्रा की, 300 बसें रिजर्व थी। एक फरवरी को माघी पूर्णिमा पर आवंटित 1800 बसों में से 1297 बसों के संचालन से 42753 यात्रियों ने यात्रा की, 300 बसें रिजर्व थी। इस प्रकार प्रमुख स्नान तिथियों पर कुल 7533 बसों का अतिरिक्त संचालन किया गया और लगभग 212294 यात्रियों ने यात्रा की। 3 जनवरी 2026 से 1 फरवरी 2026 तक औसतन 1178 बसें प्रतिदिन संचालित की गई और लगभग एक मिलियन यात्रियों ने यात्रा की। इसके साथ ही, यात्रियों के लिए अतिरिक्त रूटों का भी संचालन किया गया, ताकि हर श्रद्धालु बिना किसी कठिनाई के अपने गंतव्य तक पहुँच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *