Lucknow Weather: लखनऊ समेत यूपी के कई जिलों में बीते कई दिनों से हो रही बारिश पर ब्रेक लग गया. मौसम विभाग के अनुसार अब एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है. आइये जानते हैं IMD के मुताबिक आने वाले दिनों में यूपी में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है. राजधानी लखनऊ में शुक्रवार 10 अप्रैल को मौसम साफ दिखा. दिन में धूप निकली हालांकि साथ में तेज हवाएं भी चलती रहीं. जिससे अधिकतम तापमान 32 डिग्री होने के बावजूद गर्मी का एहसास नहीं हुआ. लखनऊ में 1 मार्च से अब तक 36.1 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से काफी ज्यादा है. इस बारिश ने गर्मी से अस्थायी राहत जरूर दी, लेकिन अब मौसम सामान्य पैटर्न पर लौट रहा है. वहीं राहत की बात यह है कि शहर की हवा फिलहाल साफ बनी हुई है. विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI संतोषजनक श्रेणी में दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को फिलहाल प्रदूषण से राहत मिली हुई है.
राजधानी लखनऊ में शनिवार, 11 अप्रैल को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. हवा में नमी का स्तर 40 से 60 प्रतिशत के बीच रहेगा. दिन के समय तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, लेकिन आसमान साफ रहने की संभावना है. यानी अब बारिश की उम्मीद फिलहाल खत्म होती दिख रही है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जैसे-जैसे पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होगा, तापमान में तेज उछाल देखने को मिलेगा. अगले 5 से 7 दिनों में अधिकतम तापमान 6 से 10 डिग्री तक बढ़ सकता है. इससे दिन के समय गर्मी बढ़ेगी और लोगों को फिर से तपिश का सामना करना पड़ेगा.