लखनऊ: एक वृद्ध महिला की हत्या और उसके घर में चोरी के सुनियोजित मामले में लखनऊ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह सफलता उत्तरी जोन की क्राइम टीम, सर्विलांस टीम और जानकीपुरम थाने की संयुक्त टीम को मिली है। 03 दिसंबर को प्रदीप श्रीवास्तव ने जानकीपुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 74 वर्षीया बहन नीलिमा श्रीवास्तव की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है।
मामला गंभीर मानते हुए तुरंत मौके का निरीक्षण किया गया और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। आला अधिकारियों के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। इस दौरान मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार (05 दिसंबर) को तीनों आरोपियों को सलीम तिराहा से गिरफ्तार किया गया।
नौकर सुशील ने बताया था चोरी का प्लान
गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र मिश्रा (50 वर्ष) पेशे से पुजारी, जो पीड़िता के पड़ोस में रहने वाले एक घर में धार्मिक कार्य करता था। दीपक कुमार उर्फ दीपू (32 वर्ष) और सुशील कुमार (38 वर्ष) नौकर है। दीपक और सुशील उसी घर में नौकर थे, जहां जितेंद्र पूजा-पाठ कराता था। पुलिस को दिए बयान में मुख्य आरोपी जितेंद्र मिश्रा ने बताया कि दीपक और सुशील ने ही उसे बूढ़ी महिला के पास सोना होने की जानकारी दी और चोरी का प्लान बनाया।
बताया कि 02 दिसंबर की दोपहर को वह महिला के घर में छिप गया। रात में जब वह सो गईं तो उसने चोरी शुरू की। इस दौरान महिला की नींद खुल गई और उन्होंने जितेंद्र को पहचान लिया। डर के मारे जितेंद्र ने उनका गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने घर से कुछ आभूषण और सामान चुराकर फरार हो गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और चोरी के मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ मजबूत सबूत जुटा रही है।