एजुकेशन, राजनीति, सोशल मीडिया, स्पेशल स्टोरी, हेल्थ

Lucknow: 100 दिवसीय टीबी अभियान का शुभारंभ

Lucknow: 100 दिवसीय टीबी अभियान का शुभारंभ
  • 167 उच्च जोखिम वाले गांवों में लगेंगे निक्षय शिविर

Lucknow: प्रदेश को टीबी मुक्त करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा काकोरी ब्लॉक के गांव अमेठिया सलेमपुर के पंचायत भवन एवं मलिहाबाद ब्लॉक के कनार गांव के प्राथमिक विद्यालय में निक्षय शिविर लगाकर 100 दिवसीय टीबी अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक जया देवी द्वारा किया गया। क्षेत्रीय विधायक ने कहा कि 100 दिवसीय टीबी अभियान का उद्देश्य है कि गाँव-गाँव में टीबी की इलाज और जांच की सुविधा पहुँचें जिससे कि कोई भी मरीज छूट न जाए।  इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी.सिंह ने बताया कि 100 दिवसीय टीबी अभियान के तहत राज्य से प्राप्त सूची के अनुसार जनपद के आठ ब्लॉक के 167 हाई रिस्क गांवों में रोस्टर के अनुसार स्वास्थ्य शिविर लगाकर संभावित टीबी रोगियों का एक्सरे, एचआईवी, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और हीमोग्लोबिन की जांच की जाएगी। टीबी की पुष्टि होने पर उनका इलाज शुरू किया जाएगा और उन्हें निक्षय पोर्टल पर अंकित किया जाएगा। टीबी मुक्त जनपद के क्रम में जरूरी है कि जल्द से जल्द टीबी मरीजों की पहचान कर इलाज सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही लोगों को लक्षणों, जांच और इलाज के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।  उन्होंने बताया कि टीबी पूरी तरह से ठीक हो सकती है बशर्ते नियमित इलाज लें। शिविर में लोगों को सभी जाँचें और सेवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इन लक्षणों पर ध्यान देने  की जरूरत

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि दो सप्ताह से ज्यादा खांसी, बुखार, वजन का कम होना, रात में पसीना आदि टीबी के प्रमुख लक्षण हैं। यदि यह लक्षण दिखाई दें तो छुपायें नहीं बल्कि स्वास्थ्य शिविर में आकर जांच कराएं। शिविरों में एआई बेस्ड हैंड होल्डिंग एक्सरे मशीन के माध्यम से त्वरित जांच हो रही है जिससे मरीजों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित हो रही है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.ए.के.सिंघल ने बताया कि इस अभियान के तहत काकोरी और मलिहाबाद में एक-एक तथा सरोजिनीनगर ब्लॉक के परवर पश्चिम तथा सहजनपुर गाँव मे दो-दो शिविर लागए गए। इन शिविरों में रक्तचाप, मधुमेह, हीमोग्लोबिन, बी.एम.आई, आयुष्मान कार्ड, आभा कार्ड आदि के साथ साथ मौके पर ही डार्क रूम सहायक यदुवेन्द्र, धीरेन्द्र द्वारा सम्भावित मरीजों का एआई बेस्ड हैंड होल्डिंग एक्सरे मशीन दवरा एक्सरे किया गया। जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी ने बताया कि इन चार निक्षय शिविरों में कुल 524  लोगों के हीमोग्लोबिन , डायबिटीज, बॉडी मास इंडेक्स और बीपी की जांच हुई। इसके साथ ही टीबी के संभावित लक्षणों के आधार पर 290 लोगों का एआई आधारित हैंड होल्डिंग मशीन से एक्सरे किया गया, सभी स्वस्थ पाए गए। काकोरी में 102,मलिहाबाद में 28 और सरोजिनी नगर में 160 लोगों का एक्सरे किया गया। इसके साथ ही काकोरी में दो लोगों, मलिहाबाद में छह और सरोजनीनगर में 15 लोगों के बलगम की जांच की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *