-
तकनीक से जुड़ेगा युवा, सही समय पर मिलेगा सही मार्गदर्शन: मंत्री कपिल देवल अग्रवाल
UP News: प्रदेश के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से सीधे जोड़ने की दिशा में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन मुख्यालय में कौशल कॉल सेंटर का शुभारंभ किया। मंत्री ने कॉल सेंटर के माध्यम से पूर्व में प्रशिक्षित एक छात्र से फोन पर सीधा संवाद कर उसके अनुभवों की जानकारी ली और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेश के हर गांव और शहर के युवाओं तक मिशन की योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा रोजगार अवसरों की सटीक और अद्यतन जानकारी सीधे पहुंचे।

सही समय पर मिलेगा सही मार्गदर्शन
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी युवा केवल जानकारी के अभाव में अवसर से वंचित न रहे। सही समय पर सही मार्गदर्शन देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना ही इस पहल का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि कौशल कॉल सेंटर प्रदेश के युवाओं के सपनों को नई दिशा देने और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि कौशल कॉल सेंटर केवल एक सूचना केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं और उनके सपनों के बीच एक सशक्त सेतु है। तकनीक के माध्यम से अब प्रशिक्षण से लेकर रोजगार तक की जानकारी युवाओं तक सरलता से पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि नियमित फीडबैक और सतत संवाद के माध्यम से युवाओं को अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर भविष्य की ओर अग्रसर करना ही इस पहल का उद्देश्य है।
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि कॉल सेंटर में वर्तमान में 30 सदस्यीय टीम तैनात की गई है, जिन्हें 15 दिनों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। आगामी सोमवार से यह टीम पूर्ण रूप से कार्य करना शुरू कर देगी। उन्होंने बताया कि कॉल सेंटर के माध्यम से प्रशिक्षण केंद्रों में अध्ययनरत युवाओं से सीधे फीडबैक लिया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद भी युवाओं की प्लेसमेंट स्थिति और रोजगार प्रगति की नियमित जानकारी जुटाई जाएगी, जिससे भविष्य की योजनाओं को और प्रभावी बनाया जा सके।