देश-दुनिया, राजनीति

Karur Stampede: 39 मृतकों में नौ बच्चे शामिल, 2 की हालत गंभीर; विजय की पार्टी के नेताओं पर मामला दर्ज

Karur Stampede: 39 मृतकों में नौ बच्चे शामिल, 2 की हालत गंभीर; विजय की पार्टी के नेताओं पर मामला दर्ज

Karur Stampede: तमिलनाडु के करूर जिले में अभिनेता और राजनेता विजय की रैली में भगदड़ मचने से 39 लोगों की मौत हो गई। इनमें आठ बच्चे और 16 से ज्यादा महिलाएं शामिल हैं। सीएम एमके स्टालिन ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया। इसके साथ ही घायलों को एक लाख रुपये देने की बात कही गई। स्टालिन ने स्थिति की समीक्षा के लिए सचिवालय में राज्य के शीर्ष अधिकारियों की बैठक बुलाई। उन्होंने इस घटना की जांच के लिए न्यायमूर्ति अरुणा जगदीशन के नेतृत्व में एक जांच आयोग के गठन की भी घोषणा की।

अधिकारियों के अनुसार, भगदड़ शाम करीब साढ़े सात बजे उस समय मची जब विजय अपने समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। भारी संख्या में समर्थक दोपहर में ही इकट्ठा हो गए थे और टीवीके नेता व फिल्म कलाकार की एक झलक पाने के लिए घंटों से इंतजार कर रहे थे। विजय की पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने जब लोगों को बेहोश होते और गिरते देखकर शोर मचाया तब उन्होंने अपनी रैली रोक दी।

टीवीके नेताओं पर मामला दर्ज

करूर नगर पुलिस ने टीवीके पश्चिम जिला सचिव मथियालगन, महासचिव आनंद और संयुक्त सचिव निर्मल कुमार सहित कई लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 110, 125बी और 223 के तहत मामला दर्ज किया है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 हत्या के प्रयास और धारा 110 गैर इरादतन हत्या के प्रयास से संबंधित हैं। धारा 125 उन कृत्यों से संबंधित है जो उतावलेपन या लापरवाही से दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालते हैं, जबकि धारा 223 किसी लोक सेवक द्वारा विधिवत जारी आदेश की अवज्ञा से संबंधित है।

अब तक 39 मौतें, 2 की हालत गंभीर

तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव पी सेंथिल कुमार ने भगदड़ को लेकर कहा, “इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 39 लोगों की मौत की खबर है। 17 महिलाएं, 13 पुरुष, 4 लड़के और 5 बच्चियों की मौत हो गई है। 39 मृतकों में से 30 का पोस्टमार्टम हो चुका है और शव परिवारों को सौंप दिए गए हैं। बाकी पोस्टमार्टम अभी जारी हैं। 26 घायल मरीजों का ओपीडी में इलाज किया गया और उन्हें छुट्टी दे दी गई। 67 घायलों को आईपीडी में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। 2 मरीजों की हालत गंभीर है। बाकी सभी की हालत स्थिर है। एक मरीज को आगे के इलाज के लिए मदुरै मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा जा रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *