राजनीति, स्पोर्ट्स

झारखंड ने रचा इतिहास, हरियाणा को 69 रनों से हराकर जीता पहला सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खिताब

झारखंड ने रचा इतिहास, हरियाणा को 69 रनों से हराकर जीता पहला सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खिताब

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2025 का खिताब झारखंड ने जीतकर इतिहास रच दिया है। फाइनल मुकाबले में कप्‍तान ईशान किशन की झारखंड टीम ने हरियाणा को 69 रनों से मात देकर अपना पहला SMAT खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड ने निर्धारित ओवरों में 262 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान ईशान किशन ने रिकॉर्ड तोड़ पारी खेलते हुए 49 गेंदों में 10 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 101 रन बनाए। वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में फाइनल में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बने।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की शुरुआत बेहद खराब रही। विकास सिंह ने पहले ही ओवर में कप्तान अंकित कुमार और आशीष सिवाच को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके बाद यशवर्धन दलाल और अर्श कबीर विवेक ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन यह साझेदारी भी ज्यादा देर नहीं चल सकी। अर्श कबीर को सुशांत मिश्रा ने बोल्ड कर झारखंड को तीसरी सफलता दिलाई।

लगातार दबाव में रही हरियाणा टीम

चौथे विकेट के लिए यशवर्धन दलाल और निशांत सिंधु के बीच 67 रनों की साझेदारी हुई, जिसे अनुकूल रॉय ने तोड़ा। अनुकूल ने एक ही ओवर में सिंधु (31) और दलाल (53) को आउट कर हरियाणा की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। इसके बाद हरियाणा की टीम लगातार दबाव में आती चली गई।

समंत देवेंद्र जखर ने 17 गेंदों में 4 छक्कों की मदद से 38 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन उन्हें बाल कृष्ण ने आउट कर दिया। हरियाणा का आखिरी विकेट 19वें ओवर में इशांत रवि भरद्वाज के रूप में गिरा और पूरी टीम 193 रनों पर सिमट गई।

ईशान किशन चुने गए प्‍लेयर ऑफ द मैच

झारखंड की ओर से गेंदबाजी में सुशांत मिश्रा और बाल कृष्ण ने 3-3 विकेट लिए। शानदार प्रदर्शन के लिए ईशान किशन को फाइनल का ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि अनुकूल रॉय को पूरे टूर्नामेंट का ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ अवॉर्ड मिला। इस जीत के साथ झारखंड ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपना पहला खिताब जीतकर नया इतिहास कायम किया।

मैच के टॉप रिकॉर्ड

  • झारखंड और हरियाणा टी-20 मैच में सबसे ज्यादा 455 रन बने। पिछला रिकॉर्ड 346 रन का था, जोकि 2021 में बड़ौदा में बना था।
  • ईशान किशन झारखंड के लिए टी-20 में सबसे ज्यादा 94 छक्के लगाने वाले प्लेयर बने। विराट सिंह के 84 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा।
  • ईशान किशन ने झारखंड के लिए एक टी-20 पारी में सबसे ज्यादा 9 छक्के लगाने के अपने रिकॉर्ड को बेहतर किया। उन्होंने 10 छक्के लगाए।
  • ईशान-कुशाग्र ने 177 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। जो झारखंड की ओर से टी-20 में सबसे बड़ी साझेदारी है। पिछला रिकॉर्ड ईशान-विराट (165 रन) के नाम था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *