उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, धर्म-कर्म, सोशल मीडिया

Deepotsav 2025 को दिव्य और भव्य रूप देने में कोई कमी न छोड़ी जाए: जयवीर सिंह

Deepotsav 2025 को दिव्य और भव्य रूप देने में कोई कमी न छोड़ी जाए: जयवीर सिंह

Deepotsav 2025; उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दीपोत्सव 2025 की तैयारियों की समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस वर्ष का दीपोत्सव गत वर्ष से भी गौरवशाली और सराहनीय होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि तैयारियों को अंतिम रूप देते समय कोई कोताही न की जाए। इस वर्ष का दीपोत्सव 2025 गत वर्ष की अपेक्षा शानदार और भव्य होना चाहिए। इस वर्ष भी दीप प्रज्ज्वलन का विश्व कीर्तिमान स्थापित होगा। सरयू तट पर 2100 लोगों द्वारा महाआरती विशेष आकर्षण होगा।

रामकथा पार्क तक आमजन की पहुंच को आसान बनाने की व्यवस्था की जाए

उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री ने केंद्र सरकार के पर्यटन, संस्कृति एवं भारतीय विदेश मंत्रालय सहित अन्य अधिकारियों को आमंत्रित करने की भी बात कही। साथ ही, देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के संस्कृति विभाग के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। दुनियाभर के कई राष्ट्रों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। पर्यटन मंत्री ने निर्देश दिया कि रामकथा पार्क तक आमजन की पहुंच को आसान बनाने की व्यवस्था की जाए। आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, उसके व्यापक प्रबंध किए जाएं। अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय रामलीला को वैश्विक पहचान दिलाने के हर संभव प्रयत्न किए जाएं। उन्होंने बताया कि राम और रामायण की थीम पर विविध प्रस्तुतियां होंगी। संस्कृति विभाग की ओर से देश के सभी राज्यों से आने वाली नृत्य मण्डली प्रदर्शन करेगी। रामनगरी में 10 जगहों पर सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी।

इको फ्रेंडली आयोजन की प्राथमिकता पर जोर

मंत्री जयवीर सिंह ने इको फ्रेंडली आयोजन की प्राथमिकता पर जोर दिया। युवाओं और बच्चों के लिए विशेष सेल्फी पॉइन्ट बनाया जाएगा, जहां प्रभु श्रीराम और भक्त हनुमान के चित्र के साथ सेल्फी की व्यवस्था होगी। इसके साथ, जगह-जगह साइनेज, पीने के पानी, स्वच्छता, सजावट, मूलभूत सुविधाएं और आगंतुकों को जानकारी उपलब्ध कराने को ध्यान में रखते हुए अंतिम योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव-2025 में एक बार फिर इतिहास रचा जाएगा। सरयू तट स्थित राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर 26 लाख से अधिक दीयों की ज्योति एकसाथ प्रज्वलित कर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज कराने की तैयारी है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अयोध्या में 33,000 पंजीकृत स्वयंसेवक सक्रिय रूप से भाग लेंगे और भगवान राम के नाम पर दीप प्रज्ज्वलन करेंगे।

कार्यक्रम में शोभायात्रा, मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन मैपिंग, 3-डी होलोग्राफिक म्यूजिकल लेजर शो, कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो, म्यूजिकल ग्रीन फायर क्रैकर्स शो, भव्य हाइड्रोलिक स्क्रीन एवं वाटर टैबलो जैसी भव्य प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा 100 कलाकारों की सजीव सांगीतिक प्रस्तुति भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी। प्रमुख सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात ने निर्देश दिया कि राम पथ सहित अन्य मार्गों पर रोशनी, सफाई और सजावट के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। कार्यदायी संस्था से पेड़ों को भी सजाए जाने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *