बरेली: जनपद में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद पर तनावपूर्ण घटनाओं के बाद प्रशासन द्वारा रोकी गई इंटरनेट सेवाएं अब बहाल कर दी गई हैं। सोमवार देर रात इंटरनेट सेवा बहाल होने से शहर के लोगों को थोड़ी राहत मिली है। इंटरनेट शुरू होते ही लोग अपने रोजमर्रा के कामों के लिए मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते नज़र आए, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है। सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने अभी भी कड़ी सतर्कता बरती हुई है।
मौलाना तौकीर रजा के आवास के आसपास के रास्तों पर पुलिस बल तैनात है और इन मार्गों से आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और गश्त भी बढ़ा दी गई है, जिससे किसी भी तरह की अशांति को रोका जा सके। इंटरनेट सेवाओं के बंद होने से पहले शहर में कुछ तनावपूर्ण घटनाएं हुई थीं, जिसके बाद प्रशासन को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा था। अब सेवा बहाल होने के बाद बाज़ारों में रौनक लौट आई है और दुकानें सामान्य रूप से खुल रही हैं।
पुलिस की अपील, अफवाहों पर न दें ध्यान
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि शहर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने बरेली के निवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इसके साथ ही प्रशासन ने यह स्पष्ट चेतावनी भी दी है कि अफवाहें फैलाने या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि वे सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। फिलहाल, शहर में शांति कायम है और प्रशासन हर स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है।
उपद्रवियों पर प्रशासन की कार्रवाई जारी
बरेली में उपद्रवियों पर प्रशासन की कार्रवाई जारी है। अब तक 55 उपद्रवियों को पुलिस भेज जेल चुकी है, जबकि 192 उपद्रवियों पर नामजद मुकदमा दर्ज है। 3351 अज्ञात उपद्रवियों पर मुकदमा दर्ज है। वीडियो और फोटो के आधार पर गिरफ्तारी हो रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से शिनाख्त हो रही है। मौलाना तौकीर के करीबियों पर कार्रवाई प्रशासन के निशाने पर मौलाना के मददगार पर शिकंजा कसा जाएगा।