Indore: मध्य प्रदेश के इंदौर में एक दर्दनाक हादसा हो गया है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। दरअसल, ब्रिजेश्वरी एनेक्स के रिहायशी इलाके में मौजूद एक मकान में भयानक आग लगने से छह लोगों की जान चली गई है। घटना के बाद मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया गया। इस घटना की शुरुआती जांच में चार्जिंग प्वाइंट में स्पार्क के बाद आग लगने के बारे में पता चला है। अग्निकांड के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कुंदन मंडलोई ने बताया कि ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी के एक मकान में तड़के साढ़े 3 बजे से साढ़े 4 बजे के बीच आग लगी थी। मकान से छह लोगों के शव निकाले गए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म हो गया है और आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने का कारण पता लगाया जा रहा है।
#WATCH | Indore, Madhya Pradesh | Indore DM Shivam Verma says, "Rescue operations are underway. The fire has been brought under control. Six people have lost their lives…Two floors have been cleared but our team is checking one more floor…" https://t.co/3eyJQ5ydPG pic.twitter.com/xQ9f5tzNnt
— ANI (@ANI) March 18, 2026
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
इंदौर के डीएम शिवम वर्मा के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। अब तक घर की 2 मंजिलों को पूरी तरह से खाली करवा लिया गया है, जबकि एक अन्य मंजिल की जांच की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित कर सकें कि कहीं कोई व्यक्ति अंदर फंसा ना रह गया हो। वहीं, इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने शुरुआती जांच के आधार पर कहा कि हादसे का कारण इलेक्ट्रिक वाहन की चार्जिंग के दौरान हुआ ब्लास्ट हो सकता है। घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज हो रही थी, तभी चार्जिंग प्वाइंट में विस्फोट हुआ और आग तेजी से पूरे घर में फैल गई।
घर में रखे थे गैस के 10 टैंक
उन्होंने कहा कि यह स्थिति और भी भयानक तब हो गई जब घर के अंदर रखे 10 से ज्यादा गैस टैंक में से भी कुछ फट गए, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। साथ ही, घर में ज्वलनशील केमिकल भी रखे हुए थे, जिसने आग को भड़काने में मदद की। आग की चपेट में आया ये मकान मनोज पुगालिया का बताया जा रहा है, जो पॉलिमर का बिजनेस करते थे। हादसे में 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि 6 लोगों की जान चली गई। फिलहाल प्रशासन पूरे केस की गहराई से जांच कर रहा है और आग लगने की सटीक वजहों का पता लगा रहा है।