उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, सोशल मीडिया, स्पोर्ट्स

IND vs PAK T20 World Cup 2026: बल्ले से ‘आग’ और गेंदबाजी में ‘धार’, भारत ने पाक को दी करारी मात

IND vs PAK T20 World Cup 2026:
  •  ईशान का ‘प्रहार’ और वरुण का ‘वार’, भारत का दबदबा कायम

IND vs PAK T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान के बीच महामुकबला खेला गया। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में ये मैच खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराया। पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत ने ईशान किशन के अर्धशतक की मदद से पाकिस्तान के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा। भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 10 विकेट पर 114 रन ही बना पाई। भारत के लिए हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट चटकाए। मौजूदा टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार तीसरी जीत है। वहीं, इस जीत के साथ सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम ग्रुप ए की अंक तालिका में शीर्ष पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंच गई।

भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा था। टी20 वर्ल्ड कप में यह पाकिस्तान के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा स्कोर है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 32 रन बनाए। भारत के लिए शिवम दुबे 27 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा ने 25 रन बनाए। रिंकू सिंह चार गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के लिए सईम अयूब ने तीन विकेट झटके, जबकि सलमान आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक को एक-एक विकेट मिले।

ईशान किशन की तूफानी बल्लेबाजी | IND vs PAK T20 World Cup 2026

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाई वोल्टेज मैच में कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में टीम इंडिया के लिए ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की। बैटिंग के लिए मुश्किल पिच पर उन्होंने इस मुकाबले में अपना अर्धशतक सिर्फ 27 गेंदों पर पूरा किया और अंत में वह 40 गेंदों में 77 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ ईशान टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले भारत के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच में ईशान किशन ने पावरप्ले में 42 रन बनाए थे। ये भारत-पाक के बीच खेले गए किसी टी20 इंटरनेशनल मैच में पावरप्ले में किसी बैटर द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है।

इससे पहले एशिया कप 2025 में दुबई में शुभमन गिल ने 35 रन बनाए थे। ईशान किशन अब भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने युवराज सिंह को पीछे छोड़ा है। युवराज ने साल 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ 29 बॉल पर अर्धशतक पूरा किया था। भारत बनाम पाकिस्तान के बीच खेले गए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड मोहम्मद हफीज के नाम है। उन्होंने 2012 में भारत के खिलाफ 23 बॉल में अर्धशतक जड़ा था।

टॉस के वक्त क्या बोले कप्तान सूर्या | IND vs PAK T20 World Cup 2026

टॉस के वक्त भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वे पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे, टॉस हारकर भी उन्हें वही मिल गई है। सूर्या ने कहा कि पिछले दो मैच टीम ने डिफेंड करते हुए जीते हैं, इसलिए हम इसे बदलना नहीं चाहते। यह एक मौका है, यह एक हाई-स्टेक गेम है। प्लेइंग इलेवन को लेकर उन्होंने कहा कि दो बदलाव किए गए हैं। अभिषेक शर्मा आए हैं, संजू सैमसन बाहर हो गए हैं। अर्शदीप सिंह की जगह कुलदीप यादव आए हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार रही | IND vs PAK T20 World Cup 2026

  • भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

  • पाकिस्तान: सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेटकीपर), शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *