सोनभद्र: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में महिला वकील और उनके तीन साथियों को टोल कर्मियों ने जमकर पीटा। इससे महिला वकील और उनके साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। एक महिला की हालत गंभीर है। मारपीट का VIDEO भी सामने आया है, जिसमें टोल कर्मी लात-घूंसों से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। जबकि, लाल साड़ी में महिला वकील बीच-बचाव करती दिखीं। इसके बाद वह टोल बूथ के दरवाजे पर लात मारकर भिड़ गईं।
आरोप है कि टोल प्लाजा पर गाड़ियों की लंबी लाइन लगी थी। महिला वकील ने देरी का कारण पूछा तो टोल कर्मी भड़क गए। टोल कर्मी और महिला अधिवक्ता के बीच विवाद होने लगा। इसके बाद टोल कर्मियों ने हमला कर दिया। घटना को लेकर वकीलों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने केस दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पढ़िए पूरा मामला
रॉबर्ट्सगंज निवासी वकील आरती ने बताया कि वह कार से नवीन कुमार सिंह, गरिमा सिंह और अवनीश दुबे के साथ ओबरा थाने के लिए निकली थीं। रविवार शाम करीब 4 बजे लोढ़ी टोल प्लाजा पर बैरियर लेन में गाड़ियों की लंबी कतार लगी थी। गाड़ी से उतरकर नवीन सिंह टोल बूथ काउंटर पर पहुंचे और जाम का कारण जानने का प्रयास किया।
आरोप है कि बूथ के अंदर बैठे टोलकर्मी ने नवीन सिंह को मां-बहन की गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। जब नवीन सिंह वापस नहीं लौटे, तो अवनीश दुबे उन्हें देखने गए। इसी दौरान दो टोल कर्मियों ने नवीन सिंह पर हमला कर दिया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे अवनीश दुबे के साथ भी मारपीट की गई।
बीच-बचाव में महिला अधिवक्ता से बदसलूकी
आरोप है कि चार से पांच टोल कर्मियों ने दोनों को जमीन पर पटक-पटक कर पीटा। इस दौरान नवीन सिंह के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। जबकि, अवनीश दुबे के हाथ में गंभीर चोट आई। वहीं, जब आरती पांडेय बीच-बचाव करने पहुंचीं तो टोल कर्मियों ने उन्हें भी धक्का दे दिया। इससे वह गिरकर चोटिल हो गईं। उन्होंने बताया कि उन्हें धक्का लगने से एंजायटी की समस्या बढ़ गई। आरती पांडेय ने आरोप लगाया कि टोल कर्मी हाथों में कड़े (ब्रेसलेट) पहने हुए थे। उसी से हमला किया।
करीब एक घंटे बाद पहुंची पुलिस
घटना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। पीड़ित पक्ष की ओर से रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में टोल कर्मियों के खिलाफ शिकायत दी गई है। वहीं, घायल नवीन सिंह ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने भी उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
प्रदेश भर में टोल प्लाजा को लेकर आ रही शिकायतें
बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अधिवक्ता आरती पांडेय अपनी दादी के घर ओबरा जा रही थीं। टोल पर आधा दर्जन से अधिक टोल कर्मियों ने कलाई के कड़े और डंडों से हमला किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में टोल प्लाजा को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने लोढ़ी टोल प्लाजा को तत्काल हटाने की मांग की। कहा कि यह गलत तरीके से स्थापित है। अध्यक्ष ने बताया कि आगे की रणनीति तय करने के लिए वकीलों की आम सभा की बैठक बुलाई जाएगी। बहुमत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूरे मामले में सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला अधिवक्ता के परिजनों के साथ टोल कर्मियों द्वारा विवाद किया गया। इस मामले में महिला अधिवक्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके दो आरोपियों की गिरफ्तार किया गया है। सीसीटीवी फुटेल खंगाल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।