उत्तर प्रदेश, राजनीति

प्रयागराज में एक साथ थाने पहुंचीं दो पत्नियां, धोखेबाज पति को कराया गिरफ्तार  

प्रयागराज में एक साथ थाने पहुंचीं दो पत्नियां, धोखेबाज पति को कराया गिरफ्तार  

प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज जिले में एक डिलीवरी ब्वॉय ने पहली शादी की बात छिपाकर दूसरी युवती से शादी कर ली। एक साल तक नाटक करता रहा। आरोपी के घरवाले भी उसका पूरा साथ देते रहे। फिर यह बात दोनों पत्नियों को पता चली तो आरोपी राहुल की पोल खुल गई। खुद को बचाने के लिए राहुल ने दोनों पत्नियों खुशबू और शिवांगी से किनारा कर लिया। कई दिनों तक मामला शांत नहीं हुआ तो दोनों ने कानूनी मदद लेने की ठानी।

बीते सप्‍ताह दोनों एक साथ थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरी बात बताई। पुलिस ने मामले की जांच की और रविवार रात एफआईआर दर्ज कर ली। छानबीन के बाद सोमवार को आरोपी पति को गिरफ्तार किया गया। मामले में आरोपी के घरवालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। मामला प्रयागराज में सरायइनायत थाना क्षेत्र के दलापुर गांव का है।

30 नवंबर, 2024 को पहली शादी

सरायइनायत के दलापुर गांव का रहने वाला राहुल उर्फ रामकृष्ण दुबे स्विगी में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है। गांव की रहने वाली खुशबू से उसकी नजदीकी थी। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे। दोनों ने 19 अक्टूबर, 2023 को कोर्ट मैरिज कर ली। इसकी जानकारी बाद में घर वालों को हुई। परिवार वालों की मौजूदगी में एक साल बाद 30 नवंबर, 2024 दोनों की शादी करवाई गई। दोनों ने पड़िला महादेव धाम में हिंदू रीति से विवाह की रस्में निभाईं।

खुशबू ने बताया कि शादी में उसके परिवार ने 2 लाख नकद, 10 ग्राम की सोने की चेन, सोने की अंगूठी और घरेलू सामान दिया। शादी के अगले ही दिन राहुल उसे लेकर शहर चला गया। अल्लापुर में किराए के मकान में लेकर रहने लगा। पिछले महीने 25 अक्टूबर को उसने बच्ची को जन्म दिया।

4 दिसंबर, 2024 को दूसरी शादी

दलापुर गांव की ही शिवांगी ने आरोप लगाया कि उसकी राहुल से 4 दिसंबर, 2024 को शादी हुई थी। राहुल ने कभी नहीं बताया कि उसकी पहले भी शादी हो चुकी है और उसकी एक बच्ची भी है। शादी में टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल, तीन लाख रुपये नकद, घर गृहस्थी का सामान और लगभग छह लाख रुपये खर्च हुए। शिकायत है कि शादी के बाद उसके परिवार ने दो लाख रुपये और सोने की चेन की मांग की। मना करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया।

वहीं, पहली पत्नी खुशबू ने भी आरोप लगाया कि 10 नवंबर को वह नवजात बेटी के साथ आरोपी के घर गई। वहां उसके साथ मारपीट की गई। बच्ची की गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों की जान बचाई।

पुलिस कमिश्रर को दी शिकायत

दोनों महिलाओं का कहना है कि राहुल ने दोनों के साथ धोखा किया है। दोनों को अंधेरे में रखकर उनकी जिंदगी बर्बाद कर दी। अब दोनों से ही किनारा कर लिया है। ऐसे में उन दोनों ने संयुक्त रूप से पुलिस आयुक्त प्रयागराज को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। उसके आधार पर अब एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसओ सरायइनायत संजय गुप्ता ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *