उत्तर प्रदेश, राजनीति

लखीमपुर में दिनदहाड़े कचहरी में चचेरे वकील भाई ने सीने में मारी गोली, फिर हुआ फरार

लखीमपुर में दिनदहाड़े कचहरी में चचेरे वकील भाई ने सीने में मारी गोली, फिर हुआ फरार

लखीमपुर खीरी: जिले के सिविल कोर्ट परिसर में सोमवार को एक अधिवक्‍ता ने दूसरे अधिवक्‍ता के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह तख्त पर गिर पड़ा और परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल वकील रूमाल से जख्म दबाकर कराहता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली चलाने से पहले दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई थी।

हालांकि, साथी वकीलों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया था, लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपी ने गोली चला दी। गंभीर हालत में वकील को एक पुलिसकर्मी ने बाइक पर बैठाकर इलाज के लिए 8 किलोमीटर दूर अस्पताल ले गए।

रिश्‍ते में चचेरे भाई हैं दोनों

आरोपी की पहचान विराट राज के रूप में हुई है, जबकि घायल वकील का नाम जितेंद्र राज है। दोनों सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं और रिश्ते में चचेरे भाई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वकील मौके से फरार हो गया। फिलहाल, घटना की वजह जमीन का विवाद बताया जा रहा है। घटना सोमवार को करीब साढ़े 12 बजे की है।

कचहरी में क्या-क्‍या हुआ?

वकील विराट राज और जितेंद्र राज, सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विराट और जितेंद्र के बीच सोमवार करीब 12 बजे किसी बात को लेकर बहस होने लगी। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों हाथापाई करने लगे। दो वकीलों को हाथापाई करता देख अन्य वकीलों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग-अलग किया। इसके बाद मामला शांत हो गया।

फिर सभी लोग अपने-अपने काम में लग गए। लेकिन कुछ ही देर में विराट राज वापस लौटा। वह जितेंद्र के पास पहुंचा और तमंचा निकालकर फायर कर दिया। गोली जितेंद्र के सीने में लगी। उधर, फायरिंग की आवाज सुनकर कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस भी मौके पर पहुंची। वकीलों ने पुलिसवालों की मदद से बाइक से ही घायल जितेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में डॉक्टर्स उनका इलाज कर रहे हैं।

मौके पर पहुंचे कई अधिकारी

घटना की सूचना पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी डॉ.ख्याति गर्ग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों वकीलों के बीच खेत की मेड़ को लेकर पुराना विवाद था, जो वारदात का कारण बना। आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *