सहारनपुर: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच तकरार बढ़ती जा रही है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा पर निशाना साधा है। दिल्ली में एक न्यूज चैनल से बातचीत में मसूद ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अब यूपी में 80 में से 17 सीटों का फॉर्मूला नहीं चलेगा। हम कोई भिखारी नहीं हैं, जो गठबंधन की भीख मांगें। हमारा मकसद कांग्रेस को अपने पैरों पर खड़ा करना है। मैं प्रियंका गांधी का प्रोडक्ट हूं, किसी की बैसाखी पर नहीं चलता।
इमरान मसूद ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की पैरोकारी करते हुए कहा कि 2024 में मैंने राहुल गांधी के नाम पर वोट लिया और जीत हासिल की। लोग कहते हैं कि हमारे पास चुनाव लड़ने के लिए दावेदार नहीं हैं। लेकिन, जल्द होने वाले जिला पंचायत चुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव में दिखा दिया जाएगा कि कांग्रेस क्या है? हमारा फोकस 200 सीटों पर है। जिस पर संगठन को मजबूत करने में कसर नहीं छोड़ी जा रही है। वहीं, भाजपा के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा कि वो तो 300 के पा जा रहे थे। राजनीति में निर्धारित जनता करती है, वर्तमान में भाजपा को यदि कोई मुंहतोड़ जवाब दे रहा है तो वो राहुल गांधी हैं।
पीडीए के सवाल पर दिया जवाब
पीडीए के सवाल इमरान मसूद ने कहा, हां हम छोटे नेता हैं। अब्दुल तो पंचर ही बनाएगा, इसलिए उन्हें मुसलमानों का नाम लेते शर्म आती है। हम फख्र से कहते हैं कि हां हम मुसलमान हैं और देश की आजादी में हमने भी खून दिया है। सपा विधायक आशु मलिक के साथ चल रहे शीतयुद्ध को और गरमाते हुए मसूद ने कहा-मैं एक विधायक तो अपने साथ परमानेंट लेकर चलता हूं। एक के साथ एक फ्री। अबकी बार सहारनपुर की सातों विधानसभा सीटें कांग्रेस की होंगी। जिसे मुगालता है कि मेरी वजह से कोई जीता, वो सामने आकर मुकाबला कर ले।
आशु मलिक ने कसा तंज
आशु मलिक ने ‘X’ पर पोस्ट डालकर मसूद पर तंज कसते हुए लिखा- “अब बुलबुल किसके इशारे पर नाच रही है जब इन पर कोई आफत आती है तो कौम खतरे में पड़ जाती है। अहसान फरामोशी घमंड धोखा जुल्म छल कपट झूठ फरेब फितनेबाजी और मक्कारी ये है। कयादत ड्रामा कंपनी की पुरानी बीमारी करते हैं बात वफादारी की नस-नस में है गद्दारी…जमीर बेचकर दल बदलने वालों ने यह खूब काम किया जिसे उरूज पर देखा उसे सलाम किया।”
जानिए क्या है विवाद?
पश्चिम यूपी की मुस्लिम सियासत के दो बड़े चेहरे हैं। पिछले कुछ दिनों से सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सहारनपुर देहात सीट से सपा विधायक आशु मलिक के बीच सियासी अदावत छिड़ी हुई है। कहा जा रहा है कि सपा में रहते हुए आशु मलिक ने इमरान को 2022 का चुनाव लड़ने नहीं दिया था। लेकिन, इमरान मसूद अब सांसद हैं तो 2027 में आशु मलिक के साथ अपना हिसाब बराबर करने की सोच रहे हैं।
आशु मलिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इमरान मसूद पर गंभीर आरोप लगाए थे। साथ ही मसूद को अपने पद से इस्तीफा देकर दोबारा आमने-सामने चुनाव लड़ने का चैलेंज भी दिया था। उन्होंने यहां तक कह डाला था कि मसूद कांग्रेस पार्टी के स्लीपर सेल हैं और बीजेपी के लिए काम करते हैं। इसके बाद दोनों में विवाद चल रहा है।