वाराणसी: काशी में गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी में आयोजकों ने रोजेदारों को फल और मेवे के साथ चिकन बिरयानी भी परोसी। इफ्तार पार्टी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में चिकन बिरयानी की बात सामने आते ही भाजपा और हिंदूवादी संगठन भड़क गए।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने कोतवाली थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने 8 घंटे के भीतर 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
काशी में गंगा नदी पर सोमवार शाम एक युवक ने रोजा इफ्तार का कार्यक्रम रखा। उसने रोजेदारों को गंगा घाट पर बुलाया। यहां एक बड़ी नाव पहले से बुक की गई थी। इसके बाद सभी लोग अस्सी घाट से नमो घाट तक नाव से गए। नाव पर मौजूद रोजेदारों ने पहले नमाज पढ़ी। फिर खजूर और फल खाकर रोजा खोला। एक अन्य वीडियो में नाव पर बैठे लोग बड़े भगोने से कुछ निकालकर खाते दिखे।
भाजयुमो महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने चिकन बिरयानी खाई। साथ ही उसकी हड्डियां गंगा में फेंकीं। इस मामले को लेकर कोतवाली में लिखित तहरीर दी। उन्होंने कहा कि मां गंगा सनातन धर्म अनुयायियों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। मां गंगा के जल का आचमन करने के लिए देश-विदेश से रोज लाखों श्रद्धालु आते हैं। गंगा की धारा में नाव पर बैठकर इफ्तार के समय चिकन बिरयानी खाना और उसके अवशेष गंगा में फेंकना निंदनीय है। तहरीर के साथ घटना का वीडियो भी साक्ष्य के रूप में दिया है।
14 गिरफ्तारियां, कार्रवाई जारी
ACP कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने कहा कि भाजयुमों के रजत जायसवाल की ओर से शिकायत मिली थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। दो टीमें गठित कर आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी गई। अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।