Bangladesh Cricket Team ICC T20 Word Cup 2026: आईसीसी ने आखिरकार वो ऐलान कर ही दिया, जिसका इंतजार पिछले कुछ घंटे से किया जा रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट टीम आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गई है। इसका ऐलान आईसीसी की तरफ से कर दिया गया है। आईसीसी ने साथ ये भी बता दिया है कि बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड की टीम इस टूर्नामेंट में खेलेगी। स्कॉटलैंड की टीम उसी ग्रुप में आएगी, जिसमें बांग्लादेश की टीम थी।
अब सात फरवरी को स्कॉटलैंड की टीम वेस्टइंडीज से कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डेंस में भिड़ती हुई नजर आएगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को अपनी हठधर्मिता का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। अब टीम इस साल फरवरी में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 विश्व कप से बाहर हो चुकी है। आईसीसी ने दो दिन पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीबी को अल्टीमेटम दिया था कि वे टी20 विश्व कप के मैच खेलने भारत जाएं, इसके अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं है। अगर टीम भारत नहीं जाएगी तो उसे इस टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जाएग। जो अब हो गया है।
समाचार एजेंसी पीटीआई की खबर के अनुसार ICC के एक सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, कल शाम बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन को एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें उन्हें बताया गया कि उनके बोर्ड ने भारत आने के बारे में फैसला करने के लिए दिए गए 24 घंटे की समय सीमा के बाद ICC को आधिकारिक तौर पर कोई जवाब नहीं दिया, इसलिए यह फैसला लिया गया है। BCB ने ग्लोबल बॉडी को आधिकारिक तौर पर सूचित करने से पहले ढाका में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जो प्रोटोकॉल का उल्लंघन भी है।