उत्तर प्रदेश, राजनीति

एटा में ऑनर किलिंग, बेटी और उसके प्रेमी की हत्या; महीनेभर पहले भागकर की थी शादी

एटा में ऑनर किलिंग, बेटी और उसके प्रेमी की हत्या; महीनेभर पहले भागकर की थी शादी

एटा: उत्‍तर प्रदेश के एटा जिले में एक लड़की के घरवालों ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी की गांव के सामने गला काटकर हत्या कर दी। दोनों ने एक महीने पहले ही घर से भागकर प्रयागराज के आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। 19 वर्षीय लड़की शनिवार को घर लौट आई। अगले दिन यानी रविवार को 24 साल का प्रेमी, लड़की से मिलने उसके घर पहुंच गया। दोनों छत पर बात कर रहे थे, तभी लड़की के घरवालों ने देख लिया। गुस्साए घरवालों ने दोनों को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। पहले लड़की का, फिर लड़के का गला रेत दिया।

लड़की के शव को छत पर छोड़ दिया, जबकि लहूलुहान लड़के को पड़ोसी की छत पर फेंक दिया। गांववालों की सूचना पर पुलिस पहुंची तो लड़के की सांसें चल रही थीं। इसका वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह तड़पता हुआ दिख रहा है। पुलिस प्रेमी को सीएचसी ले गई, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बीच रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों लोधी समाज से थे। पुलिस ने लड़की के पिता को हिरासत में लिया है। उसके भाई फरार हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिता ने बेटों के साथ मिलकर हत्या की है। वारदात जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर जैथरा थाना के गढ़िया सुहागपुर गांव की है।

3 साल से था अफेयर

शिवानी और दीपक जैथरा थाना क्षेत्र के गढ़िया सुहागपुर गांव के रहने वाले थे। दोनों के घरों के बीच की दूरी 150 मीटर है। 3 साल पहले दोनों का अफेयर शुरू हुआ। फिर शादी करने का फैसला किया। घरवाले रिश्ते के लिए राजी नहीं थे, इसलिए बेटी को पिछले साल नवंबर में उसके फूफा के घर कन्नौज के सकरावां भेज दिया, लेकिन दोनों की फोन पर बातें होती रहीं।

प्रेमी-प्रेमिका ने भागकर शादी करने का प्लान बनाया। 11 नवंबर को लड़की ने दीपक को मिलने बुलाया। इसके बाद दोनों प्रयागराज भाग गए। उसी दिन प्रयागराज के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद दोनों प्रयागराज में रूम लेकर रहने लगे। लड़का वहां प्राइवेट नौकरी करता था।

थाने में हुआ दोनों परिवार का समझौता

इधर, परिवार वाले दोनों को खोजने में जुटे थे। 15 दिसंबर को दोनों के परिवार कन्नौज के सकरावां थाने पहुंचे। वहां दोनों परिवारों के बीच समझौता हुआ कि हम लड़की को वापस ले जाएंगे, कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगे।

गांव वालों के अनुसार, शनिवार को शिवानी प्रयागराज से अपने घर लौट आई। रविवार रात 8 बजे दीपक गांव पहुंचा। वह सीधे शिवानी के घर गया। वह शिवानी से छत पर बात कर रहा था, तभी लड़की के घरवालों ने आकर दोनों को बात करते हुए पकड़ लिया। गुस्साए परिजनों ने पूरे गांव के सामने ही दोनों को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू किया। दोनों चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन मदद के लिए गांव का कोई सामने नहीं आया।

पहले प्रेमिका, फिर प्रेमी को मारा

गांव वालों के मुताबिक, परिजन ने पहले शिवानी का गला काट दिया। इसके बाद दीपक का भी गला रेत दिया गया। दीपक का शव पड़ोसी की छत पर फेंका गया, जबकि शिवानी का शव उसी की छत पर पड़ा रहा। गांववालों ने डायल-112 के माध्यम से सूचना दी। आनन-फानन में SSP एटा श्याम नारायण सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक शिवानी की मौत हो चुकी थी, जबकि दीपक की हालत गंभीर थी। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।

चचेरा भाई बोला– पूरे गांव के सामने दोनों की हत्या हुई

दीपक के चचेरे भाई उमेश कुमार ने बताया कि दोनों ने भागकर शादी की थी। गांव में समझौता हुआ था, लेकिन इसके बाद भी दोनों को छत पर मारकर फेंक दिया गया। यह सब गांव वालों के सामने हुआ। दीपक बेहद सीधा-सादा था। पिता राधेश्याम के साथ खेती-बाड़ी करता था।

एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। लड़की के पिता अशोक कुमार को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ग्रामीणों और दोनों परिवारों से पूछताछ की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *