लखनऊ: उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। कानपुर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 7.2 डिग्री दर्ज हुआ। गुरुवार को अयोध्या और वाराणसी सहित 15 शहरों में कोहरा छाया रहा। बरेली और कुशीनगर में विजिबिलिटी 400 मीटर दर्ज की गई। कोहरे के कारण लखनऊ में तीन फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं, जबकि 14 उड़ानों में 1 से 10 घंटे की देरी हुई।
गुरुवार सुबह लखनऊ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 228 दर्ज किया गया। इस स्तर पर शहर की हवा ऑरेंज जोन में बनी हुई है, जो संवेदनशील लोगों के लिए सेहत संबंधी दिक्कतें बढ़ा सकती है। उधर, साइबेरियन पक्षियों का झुंड प्रयागराज संगम पहुंच चुका है। लोग इन्हें दाना खिलाते और सेल्फी लेते नजर आए। ठंड की वजह से कई जगह लोग अलाव तापते नजर आए।
एक-दो दिन में और गिरेगा तापमान
लखनऊ आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया, अगले एक-दो दिन में तापमान में और गिरावट होगी। इसके बाद पारे में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी, शुष्क हवाएं अभी मौसम का मिजाज तय कर रही हैं। फिलहाल कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है।
लखनऊ से मुंबई-बेंगलुरु जाने वाली उड़ानें रद्द
- कोहरे का असर लखनऊ एयरपोर्ट पर भी साफ दिखा। विजिबिलिटी कम होने से एयर ट्रैफिक बार-बार बाधित हुआ। बुधवार को 3 फ्लाइटें निरस्त रहीं। लखनऊ से मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-2441, लखनऊ-बेंगलुरु की उड़ान 6E-6354 और मुंबई से लखनऊ आने वाली 6E-2442 रद्द करनी पड़ी।
- शारजाह से लखनऊ आने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E-8692 पूरे 10 घंटे लेट लखनऊ पहुंची। लखनऊ से शारजाह जाने वाली फ्लाइट 6E-8751 भी 10 घंटे 30 मिनट की देरी से उड़ान भर सकी। इससे यात्रियों में भारी नाराजगी देखी गई। इन दो उड़ानों के अलावा 12 और फ्लाइट्स लेट रहीं।
- शहर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री के आसपास रहेगा। बुधवार को अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया।