लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सोमवार सुबह लखनऊ और कानपुर सहित अधिकतर जिलों में सर्द हवाओं के चलते ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, आज 18 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। आंधी और ओले गिरने के भी आसार हैं। वहीं, कल यानी मंगलवार से 09 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
बीते 48 घंटों में वाराणसी-कानपुर सहित 43 जिलों में बारिश हुई। मथुरा, कानपुर, संभल और जालौन समेत 10 शहरों में ओले गिरे। इटावा में 24 घंटे में सबसे ज्यादा 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश में पिछले 3 दिनों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने से 15 लोगों की मौत हो चुकी है। बारिश से प्रदेश का औसत तापमान 4 डिग्री तक गिर गया। अधिकतम तापमान 42 डिग्री से घटकर 38 डिग्री तक पहुंच गया।
आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि 03 अप्रैल को जो पश्चिम विक्षोभ एक्टिव हुआ था, वह कमजोर हो गया है। 07 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी। ओले भी गिर सकते हैं। हवा की रफ्तार 60 किमी. तक पहुंचेगी। तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आएगी। 3 दिन यानी 09 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही रहेगा।
यूपी के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
हमीरपुर, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, सुल्तानपुर, अयोध्या, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?
- 07 अप्रैल- पूर्वी यूपी के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। पश्चिमी यूपी में तेज बारिश होगी। 60 किमी. की रफ्तार से आंधी चलेगी। ओले गिरेंगे।
- 08 अप्रैल- पूरे प्रदेश में बारिश होगी। बिजली गिरने की आशंका है। आंधी-तूफान के साथ ओले गिर सकते हैं।
- 09 अप्रैल- पूर्वी और पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। पूर्वी यूपी में आंधी के साथ ओले भी गिर सकते हैं।