उत्तर प्रदेश, राजनीति

मैनपुरी में 63 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा भव्य सांस्कृतिक केंद्र, जानिए खूबी

मैनपुरी में 63 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा भव्य सांस्कृतिक केंद्र, जानिए खूबी

मैनपुरी: मैनपुरी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की भूमि होने के साथ ही अनेक प्राचीन धार्मिक स्थल तथा प्राचीन विरासत को समेटे हुए है। इसी क्रम में मैनपुरी को नई पहचान देने के लिए 63 करोड़ रुपये की लागत से यहां एक भव्य सांस्कृतिक केंद्र विकसित किया जा रहा है। मैनपुरी अब विकास के मामले में प्रदेश के अग्रणी जनपदों की श्रेणी में स्थापित हो चुका है। यह जानकारी मैनपुरी सदर से विधायक एवं पर्यटन तथा संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।

संस्‍कृति मंत्री ने बताया कि प्राचीनकाल में यहां चौहान वंश के शासक महाराजा तेज सिंह जूदेव का शासन था। उन्होंने ब्रिटिश साम्राज्य को चुनौती दी थी। उन्होंने बताया कि मैनपुरी में निर्माणाधीन सांस्कृतिक केन्द्र के लिए 25544 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई है, जो तेज सिंह किले के पास स्थित है। इस केंद्र में कई बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिसमें संग्रहालय, प्रदर्शनी क्षेत्र, खुला रंगमंच, पुस्तकालय, छात्रावास और कैफेटेरिया शामिल है।

800 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक सभागार

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि विभिन्न आयोजनों के लिए 800 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक सभागार निर्मित किया जा रहा है। शहर की कला, प्राचीन मूर्तियां एवं शिल्प को प्रदर्शित करने के लिए विशेष गैलरी भी तैयार की जा रही है। उन्‍होंने बताया कि यह सांस्कृतिक केन्द्र हमारी समृद्ध विरासत और गौरवशाली इतिहास को नई पहचान देगा। इसके साथ ही हमारा प्रयास है कि यह कला, संस्कृति और परम्पराओं का जीवंत केंद्र बने, जहां पर स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिल सके।

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि मैनपुरी का यह सांस्कृतिक केंद्र हमारी समृद्ध ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। राज्य सरकार का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को अपनी जड़ों और समृद्ध इतिहास से जोड़ते हुए उनमें सांस्कृतिक चेतना और गौरव की भावना को सशक्त करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *