उत्तर प्रदेश, एजुकेशन, बिजनेस, राजनीति, रोजगार, सोशल मीडिया

Gorakhpur: रोजगारोन्मुखी शिक्षा की दिशा में गोवि का बड़ा कदम, चार नए पाठ्यक्रम होंगे शुरू

Gorakhpur: रोजगारोन्मुखी शिक्षा की दिशा में गोवि का बड़ा कदम, चार नए पाठ्यक्रम होंगे शुरू

Gorakhpur: दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों द्वारा आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से चार नए पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे। यह निर्णय कुलपति प्रो पूनम टंडन की अध्यक्षता में आयोजित अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्ष की बैठक में लिया गया। निर्णय लिया गया कि राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन पॉलिटिकल लीडरशिप तथा सर्टिफिकेट कोर्स इन हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन शुरू किए जाएंगे, वहीं अंग्रेज़ी विभाग द्वारा पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन ट्रांसलेशन एवं सर्टिफिकेट कोर्स इन स्पोकन इंग्लिश प्रारंभ किए जाएंगे। पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन पॉलिटिकल लीडरशिप एक वर्षीय (दो सेमेस्टर) पाठ्यक्रम होगा, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन कौशल एवं नीति-निर्माण से जुड़ी समझ विकसित करना है। यह पाठ्यक्रम राजनीतिक प्रबंधन, पब्लिक पॉलिसी, मानव संसाधन प्रबंधन, मीडिया एवं मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध कराएगा।

विद्यार्थियों को प्रपात होगा व्यावहारिक अनुभव

यह पाठ्यक्रम स्थानीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा, जिससे वे अपने दायित्वों का अधिक प्रभावी, दक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से निर्वहन कर सकेंगे। वहीं, सर्टिफिकेट कोर्स इन हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। यह कोर्स अस्पताल प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन एवं प्रशासनिक दक्षताओं के विकास पर केंद्रित होगा। साथ ही, यह पाठ्यक्रम हेल्थकेयर सेक्टर में कार्यरत पेशेवरों के कौशल उन्नयन एवं दक्षता विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे उन्हें बेहतर रोजगार एवं उन्नति के अवसर प्राप्त होंगे। अंग्रेज़ी विभाग द्वारा प्रारंभ किए जा रहे पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन ट्रांसलेशन के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता स्नातक निर्धारित की गई है। यह पाठ्यक्रम अनुवाद के क्षेत्र में व्यावसायिक दक्षता विकसित करने के साथ-साथ मीडिया, प्रकाशन एवं बहुभाषीय संचार के क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान करेगा। इसी क्रम में सर्टिफिकेट कोर्स इन स्पोकन इंग्लिश के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (कक्षा 12) निर्धारित की गई है। यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों की संप्रेषण क्षमता, व्यक्तित्व विकास एवं अंग्रेज़ी भाषा में दक्षता को सुदृढ़ करेगा, जो विभिन्न प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों में सहायक सिद्ध होगा।

रोजगारोन्मुखी शिक्षा नीति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम

सभी पाठ्यक्रमों में व्याख्यान, सेमिनार, फील्ड विज़िट, इंटर्नशिप एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण जैसी आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को शामिल किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हो सके। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने इस पहल को विश्वविद्यालय की रोजगारोन्मुखी शिक्षा नीति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को समकालीन आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाएंगे और उनके करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे। विभागाध्यक्ष, राजनीति विज्ञान प्रो. रजनीकांत पाण्डेय ने कहा कि ये दोनों पाठ्यक्रम वर्तमान समय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं, जो विद्यार्थियों एवं कार्यरत पेशेवरों के कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता और रोजगार के अवसरों को सुदृढ़ करेंगे। विभागाध्यक्ष, अंग्रेज़ी विभाग प्रो. सुनीता मुर्मू ने कहा कि नए पाठ्यक्रम विद्यार्थियों की भाषा दक्षता, संप्रेषण कौशल एवं व्यावसायिक क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *