बरेली: बरेली में रोडवेज बस स्टैंड के पास नगर निगम मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक के एक बड़े गोदाम में सोमवार देर रात आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम मालिक सुमित कांत गोयल के अनुसार, लाखों का सामान कुछ ही मिनटों में राख में बदल गया।
वहीं, आस-पड़ोस के दुकानदार भी दहशत में आ गए, क्योंकि आग कभी भी दूसरी दुकानों तक पहुंच सकती थी। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड एक एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। फिलहाल, नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
सुमित कांत गोयल का है इलेक्ट्रॉनिक सामान का गोदाम
सुमित कांत गोयल का नगर निगम मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक सामान का गोदाम है। रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने गोदाम को बंद करके घर चले गए। कुछ देर में ही उनके पास खबर पहुंची कि उनके गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलते ही सुमित मौके पर पहुंचे। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि गोदाम में कई लाख का सामान रखा हुआ था, जो अब राख का ढेर बन चुका है।
आग लगते ही पड़ोस के दुकानदार सहम गए, क्योंकि अगर वक्त रहते आग पर काबू नहीं किया जाता तो लाइन से कई दुकानें भी उसकी चपेट में आ जाती। दुकानदार खुद भी आग बुझाने का प्रयास करने लगे। हालांकि, पास ही फायर ब्रिगेड का ऑफिस है, जिस वजह से फायर ब्रिगेड चंद मिनटों में मौके पर पहुंच गई और आग को अन्य दुकानों तक फैलने से पहले ही बुझा दिया गया।