उत्तर प्रदेश, सोशल मीडिया, स्पेशल स्टोरी

Good News: नवम्बर तक लखनऊ-दुधवा की यात्रा सिर्फ 487 रुपए में

Good News: नवम्बर तक लखनऊ-दुधवा की यात्रा सिर्फ 487 रुपए में

Good News: लखनऊ के कैसरबाग बस स्टेशन से दुधवा नेशनल पार्क के लिए चल रही विशेष एसी 2X2 बस सेवा को अब पूरे नवम्बर महीने तक बढ़ा दिया गया है। चार नवम्बर को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू हुई यह सेवा शुरुआती चरण में मात्र पंद्रह दिनों के लिए तय थी, लेकिन यात्रियों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया और लगातार बढ़ती मांग के मद्देनज़र विभाग ने इसे पूरे माह संचालित करने का निर्णय लिया है। इस विस्तार के साथ अधिक से अधिक प्रकृति प्रेमी और पर्यटक अब दुधवा की अद्वितीय हरियाली, समृद्ध वन्यजीव और शांत प्राकृतिक वातावरण की सहज एवं किफायती यात्रा का आनंद ले सकेंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने दी जानकारी

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यूपीएसआरटीसी द्वारा उत्तर प्रदेश इको टूरिज़्म डेवलपमेंट बोर्ड के प्रस्ताव पर शुरू की गई इस विशेष सेवा को वन विभाग का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त है। यह पहल दुधवा जैसे देश के सबसे समृद्ध और संवेदनशील वन्यजीव आवास तक पर्यटकों की सहज, सुरक्षित तथा किफायती पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आरामदायक सुविधाओं से परिपूर्ण यह बस सेवा उन यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध हो रही है, जो सीमित समय में प्रकृति और वन्य जीवन का निकट से अनुभव करना चाहते हैं।

यह बस प्रतिदिन कैसरबाग से सुबह आठ बजे रवाना होती है और दोपहर 01:30 बजे दुधवा नेशनल पार्क पहुंचती है। मात्र रू 487 प्रति यात्री के किफायती किराये के साथ यह सेवा स्कूली बच्चों, अभिभावकों, वन्यजीव प्रेमियों, छात्र समूहों तथा प्रकृति के बीच अल्पावधि अवकाश बिताने के इच्छुक यात्रियों के लिए एक उपयुक्त एवं आकर्षक विकल्प बनकर उभरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *