उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति

मध्‍य प्रदेश में बच्ची से दुष्‍कर्म के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, अस्पताल में किया गया भर्ती

मध्‍य प्रदेश में बच्ची से दुष्‍कर्म के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, अस्पताल में किया गया भर्ती

भोपाल: मध्य प्रदेश के औबेदुल्लागंज में गुरुवार रात पुलिस ने दुष्‍कर्म के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर किया। इस दौरान आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के अनुसार, रायसेन जिले के गौहरगंज में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान को गुरुवार रात भोपाल से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद जब उसे गौहरगंज ले जाया जा रहा था, तब पुलिस की गाड़ी औबेदुल्लागंज क्षेत्र के जंगल में पंक्चर हो गई। रात करीब 3-4 बजे के बीच आरोपी को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया जा रहा था, तभी उसने एसआई श्यामराज सिंह की बंदूक छीनकर फायर करने और भागने की कोशिश की। उसे रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई की और पैर पर गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया।

दरअसल, आरोपी सलमान ने 21 नवंबर को रायसेन जिले के गौहरगंज में छह साल की मासूम के साथ दुष्कर्म किया था और तभी से फरार चल रहा था। इस दौरान क्षेत्रवासी लगातार उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

छह दिन बाद भोपाल से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस ने घटना के छह दिन बाद गुरुवार रात आरोपी सलमान को गांधी नगर इलाके में एक चाय की दुकान से हिरासत में लिया। इसके बाद उसे गौहरगंज पुलिस के हवाले किया गया। गौहरगंज पुलिस उसे लेकर रात में ही रवाना हो गई थी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जंगलों के रास्ते पैदल ही भोपाल में दाखिल हुआ था और गांधीनगर इलाके में छिपा हुआ था। सलमान के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही जय मां भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ता थाने पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही आरोपी को गौहरगंज पुलिस को सौंपा जा चुका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *