नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश और बिहार में सोमवार को बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। यूपी के अयोध्या जिले में एक बच्ची और फतेहपुर में किसान की मौत हुई। वहीं, बिहार के पटना और हाजीपुर में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई है। मौसम विभाग ने आज भी देश के 21 राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। वहीं, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में हीटवेव का अलर्ट है।
राजस्थान में लगातार दूसरे दिन तापमान में बढ़ोतरी होगी। बाड़मेर में रविवार को सबसे ज्यादा तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इधर, दिल्ली में रविवार को तापमान में थोड़ी गिरावट आई, लेकिन यहां का टेम्परेचर 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने पंजाब में अगले पांच दिन लू का यलो अलर्ट जारी किया है।
PM की अपील- फोन में सचेत ऐप रखें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ रेडियो शो में लोगों से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के मोबाइल फोन एप्लिकेशन ‘सचेत’ का इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह उन्हें प्राकृतिक आपदा में फंसने से बचाने में मदद कर सकता है। यह ऐप आपदा की रियल टाइम की जियो-टैग्ड वॉर्निंग और देता है।
पीएम मोदी ने कहा कि बाढ़, चक्रवात, भूस्खलन, सुनामी, जंगल की आग, हिमस्खलन, तूफान, बिजली जैसी आपदाओं में ‘सचेत ऐप’ आपको हर तरह से सूचित और सुरक्षित रखने की कोशिश करता है। इस ऐप के जरिए मौसम विभाग से जुड़े अपडेट प्राप्त कर सकते हैं।
सिक्किम में बर्फ में फंसे 200 से ज्यादा गाड़ियों को निकाला गया
सिक्किम में रविवार को अचानक बर्फबारी के बाद त्सोंगू और थेगू के बीच 200 से ज्यादा गाड़ियां फंस गई। सिक्किम पुलिस और भारतीय सेना ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी गाड़ियों को निकाल लिया है। मौसम विभाग ने सिक्किम के कई इलाकों में आज बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान लगाया है। इससे पहले 26 अप्रैल को सिक्किम में बादल फटने और लगातार बारिश के कारण हुए कई जगह लैंडस्लाइड हुए थे। लैंडस्लाइड के कारण एक हजार से ज्यादा पर्यटक फंस गए थे। सभी का रेस्क्यू कर लिया गया है।
अगले 3 दिनों का मौसम
- 29 अप्रैल- केरल, कर्नाटक, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट है।
- 30 अप्रैल- पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश में हीटवेव का अलर्ट है, जबकि उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, गुजरात, छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी पड़ेगी। ओडिशा, केरल में भारी बारिश हो सकती है। जबकि कर्नाटक, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी, बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं।
- 01 मई- पंजाब, राजस्थान, गुजरात में हीटवेव का अलर्ट है। कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश का अलर्ट है।