मुजफ्फरनगर: नववर्ष की पार्टी मनाने के लिए मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव जडौदा निवासी तीन दोस्तों ने मंसूरपुर डीएफसीसीआईएल (डेडिकेटिड फ्रेट कॉरिडोर) रेलवे लाइन की पेंड्रोल क्लिप चोरी कर ली। इससे रेलवे ट्रैक पर दौड़ने वाली मालगाड़ी के साथ हादसा भी हो सकता था। पेंड्रोल क्लिप बरामद कर तीनों आरोपियों व एक कबाड़ी को पकड़ा गया है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया कि 28 व 31 दिसंबर को मंसूरपुर में डीएफसीसीआईएल की रेलवे लाइन ने पेंड्रोल क्लिप चोरी कर ली गई थी। मंसूरपुर थाना व रेलवे पुलिस चोरों की तलाश में लगी थी। पुलिस ने पेंड्रोल क्लिप ट्रैक्टर-ट्राली में ले जाते हुए जडौदा निवासी मोहित, रोहित व निशु तथा भौरा कलां थाना क्षेत्र के गांव भौरा खुर्द निवासी कबाड़ी प्रवीण उर्फ भूरा को पकड़ा। भूरा वर्तमान में सिविल लाइन थाना क्षेत्र की जनकपुरी कॉलोनी में रहता है।
आरोपियों के पास से ये चीजें बरामद
आरोपियों से 326 पेंड्रोल क्लिप, दो तमंचे व एक चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मंसूरपुर में दो व मेरठ के परतापुर में दो, एक जानी व एक कंकरखेड़ा में भी ऐसी घटना को अंजाम दिया था। कबाड़ी ने तीन-चार साल पहले भी ऐसा ही माल खरीदा था। आरोपियों से चोरी की छह घटनाओं का खुलासा हुआ है।
बताया गया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी दिखाने के लिए खेती करते हैं। आरोपियों ने पहले भी चोरी की घटना करना बताया है। उनकी जानकारी की जा रही है। पुलिस टीम को 20 हजार का इनाम देने की घोषणा की है। इस दौरान एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत व एसओ मंसूरपुर आनंद देव मिश्रा भी मौजूद रहे।
बोरी पर लिखे नाम व जीपीएस सिस्टम से मिली मदद
28 दिसंबर की रात में चोरी क्लिप को पास में ही खेत में छिपा कर रखा था, जो पुलिस को उसी दिन मिल गई थी। पुलिस को पवन सैनी नाम लिखा एक बोरा भी मिला था। पुलिस उसी दिन से क्षेत्र में रहने वाले पवन सैनी के नाम वाले संदिग्ध व्यक्ति को तलाश रही थी।
इसके अलावा चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने क्लिप में एक जीपीएस सिस्टम लगा दिया था, ताकि लोकेशन की जानकारी मिल जाए। क्लिप ले जाने के लिए पहुंचे तीनों आरोपियों व कबाड़ी को पकड़ लिया गया। दो दिन पहले मौके से मिला बोरा भी पकड़े गए मोहित के पिता के नाम का था। बरामद ट्रैक्टर-ट्रॉली भी मोहित की है।