उत्तर प्रदेश, राजनीति

पूर्व सपा नेता नवाब सिंह की 8 करोड़ की संपत्ति कुर्क, जेल में बंद हैं दोनों भाई

पूर्व सपा नेता नवाब सिंह की 8 करोड़ की संपत्ति कुर्क, जेल में बंद हैं दोनों भाई

कन्नौज: समाजवादी पार्टी के पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव और उनके भाई नीलू यादव की आठ करोड़ से ज्‍यादा की संपत्ति प्रशासन ने रविवार (21 दिसंबर) को कुर्क कर दी। भारी फोर्स की मौजूदगी में डुगडुगी पिटवा कर हाता के फाटक पर ताला लगाकर सील कर दिया।

डिप्टी कलेक्टर अविनाश गौतम और सीओ सिटी अभिषेक कुमार अजय की मौजूदगी में ये कार्यवाही की गई। भारी फोर्स लेकर राजस्व और पुलिस अधिकारी सबसे पहले मकरन्दनगर में गोमती कॉलेज के सामने स्थित नवाब और नीलू के हाता पर पहुंचे। यहां डुगडुगी पिटवा कर संपत्ति कुर्क करने का ऐलान किया। इसके बाद गेट पर ताला लगाकर सील कर दिया गया। दीवार में कार्यवाही की सूचना पेंटर बुलवाकर लिखवाई गई। कार्यवाही के दौरान मोहल्ले में भारी भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद लोग पुलिस कार्यवाही को देखते रहें।

डिप्‍टी कलेक्‍टर ने दी जानकारी

डिप्टी कलेक्टर अविनाश गौतम ने बताया कि रविवार को ही नवाब सिंह और नीलू यादव के पांच स्थानों मोहल्ला कुतुलूपुर, जेरकिला, मोहल्ला युसुफपुर भगवान, मोहल्ला तालवारन और सराय शाह मोहम्मद गांव में संपत्तियों को कुर्क किया गया। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ 65 लाख रुपए है। इससे पहले भी नवाब सिंह यादव की संपत्तियों को कुर्क किया जा चुका है। कुर्की की ये कार्यवाही गिरोहबंद एवं असमाजिक क्रिया कलाप अधिनियम की धारा 14(1) के तहत की गई है।

नाबालिग से दुष्‍कर्म के मामले में किए गए थे गिरफ्तार

पूर्व सपा नेता नवाब सिंह यादव को 11 अगस्त, 2024 की रात में पुलिस ने चौधरी चंदन सिंह महाविधालय से गिरफ्तार किया था। जबकि, उनके भाई नीलू यादव को साक्ष्य मिटाने और पीड़िता को धमकी और लालच देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

15 साल की नाबालिग अपनी बुआ के साथ आरोपी के कॉलेज में नौकरी मांगने गई थी। जब उसकी बुआ टायलेट के लिए गई, उसी दौरान नवाब सिंह यादव ने जबरदस्ती नाबालिग के कपड़े उतरवाए। पीड़ित बच्ची के फोन कॉल पर पहुंची पुलिस ने नवाब सिंह यादव को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, दोनों भाइयों पर दो बार गैंगस्टर की कार्यवाही हो चुकी। नवाब सिंह यादव बांदा जेल और नीलू यादव कौशांबी जेल में बंद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *