बरेली: फरीदपुर नगर में बड़ा बाईपास और राम रहीम बारात घर के पास भगवान महर्षि कश्यप द्वार का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। रविवार को इस द्वार का उद्घाटन पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, पूर्व विधायक पुत्र ईशान ग्वाल और बरेली-रामपुर क्षेत्र के एएमएलसी कुंवर हाराज सिंह ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि भगवान महर्षि कश्यप भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के महान ऋषि माने जाते हैं। उनके नाम पर बनाए गए इस द्वार से क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, समाजसेवियों और कार्यकर्ताओं की अच्छी-खासी उपस्थिति रही। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।