लखनऊ: पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से बुधवार देर रात लखनऊ रेफर कर दिया गया है। उनका एसजीपीजीआई के कार्डियोलॉजी विभाग में इलाज चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। चार डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार निगरानी और इलाज कर रही है। हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए सभी रूटीन जांच दोबारा कराई जा रही हैं।
दरअसल, अमिताभ ठाकुर की तबीयत देवरिया जेल में मंगलवार देर रात अचानक बिगड़ गई थी। सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद पहले उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज, फिर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने पर लखनऊ भेजा गया। इसी बीच, अमिताभ ठाकुर की ओर से रिमांड कैंसिल करने के लिए बुधवार को दी गई अर्जी CJM मंजू कुमारी ने खारिज कर दी। अब उन्हें 21 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में रहना होगा।
अजय राय ने दावा किया था– अमिताभ ठाकुर की हालत नाजुक
चार दिन पहले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अमिताभ ठाकुर का एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने दावा किया था कि जेल में भी अमिताभ ठाकुर के साथ बदसलूकी और उत्पीड़न जारी है। उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई है और उनकी जान को खतरा बना हुआ है, लेकिन सत्ता और सिस्टम खामोश हैं।