उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति

‘मछुआ समाज के हाथ मज़बूत होंगे, तभी जलसंपदा का लाभ जनकल्याण में बदलेगा’

‘मछुआ समाज के हाथ मज़बूत होंगे, तभी जलसंपदा का लाभ जनकल्याण में बदलेगा’
  • जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी– यही है असली लोकतंत्र की तैयारी: डॉ. संजय निषाद

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने सहारनपुर के जनमंच सभागार में आयोजित मंडलीय मत्स्य पालक गोष्ठी को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा मत्स्य पालकों के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी तथा मछुआ समाज से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। डॉ. निषाद ने बैठक के दौरान मत्स्य पालकों को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मछुआ दुर्घटना बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (मत्स्य पालन क्षेत्र हेतु), सघन मत्स्य पालन एरियेशन सिस्टम, निषाद राज बोट योजना, माता सुकेता केज सिस्टम, मत्स्य पालक कल्याण कोष (शिक्षा, चिकित्सा, आवास, विवाह, दैवीय आपदा एवं अन्य) सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि मछुआ समाज को आत्मनिर्भर बनाया जाए, जिसके लिए तालाबों एवं जलाशयों का पारदर्शी तरीके से पट्टा वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अवैध कब्जों को हटाने की दिशा में भी सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है।

डॉ. निषाद ने कहा. ग्राम समाज, मत्स्य विभाग, वन विभाग, सिंचाई विभाग तथा अन्य विभागों के अंतर्गत आने वाले तालाबों और जलाशयों पर अवैध कब्जों की समस्या को दूर करने हेतु प्रदेश सरकार की पहल पर लखनऊ में राजस्व एवं मत्स्य विभाग की संयुक्त बैठक हुई है। इस बैठक में तय किया गया है कि सभी जनपदों में 100% तालाबों का पट्टा सुनिश्चित किया जाएगा। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में चहेतों और भूमाफियाओं को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सरकारी जमीनों पर कब्जा बरकरार रखा गया और मछुआ समाज को वंचित किया गया। वर्तमान सरकार की नीतियों के परिणामस्वरूप अब तक प्रदेश के लगभग 80% तालाबों की नीलामी हो चुकी है, जबकि शेष 20% तालाबों से अवैध कब्जा हटाने की प्रक्रिया तेज़ी से जारी है। बहुत जल्द 100% पट्टा वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।

कांग्रेस ने जो किया वो किसी अपराध से कम नहीं: डॉ. निषाद

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ग्राम समाज के तालाबों की नीलामी से प्राप्त धनराशि सीधे ग्राम प्रधान को प्राप्त होगी, जिसका उपयोग ग्राम विकास के कार्यों में किया जाएगा। प्रदेश सरकार मत्स्य पालकों और मछुआ समाज के लिए धरातल पर काम कर रही है। ग़रीब मछुआ समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया जा रहा है। डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि जब-जब कांग्रेस सत्ता में रही है, उसकी मानसिकता तानाशाही और लोकतंत्र का गला घोंटने वाली रही है। वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल को उन्होंने देश के लोकतंत्र की हत्या बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं को देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने जो किया वह किसी अपराध से कम नहीं था। डॉ. निषाद ने कहा कि आज देश की जनता ने ऐसे तानाशाही प्रवृत्ति के शासन को नकारते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास जताया है और उनकी जनकल्याणकारी नीतियों पर अपनी मुहर लगाई है। अब कोई भी सत्ता में आकर संविधान से छेड़छाड़ नहीं कर सकता – यह जनता ने अपने मत से स्पष्ट कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *