भिवाड़ी: राजस्थान के भिवाड़ी में सोमवार (16 फरवरी) को एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक तेज धमाका हुआ। इसमें आठ मजदूर जिंदा जल गए, जबकि चार गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें दिल्ली एम्स रेफर किया गया है। तीन मृतकों की पहचान बिहार के मोतिहारी जिले के मिंटू, नितेश और सुजान के रूप में हुई है। इस फैक्ट्री में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। मौके से बारूद, पटाखे और पैकिंग के डिब्बे मिले हैं।
हादसा खुशखेड़ा कारौली इंडस्ट्रियल एरिया में आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। घटना के समय करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। शव बुरी तरह जल गए थे। कई शवों के कंकाल भर बचे थे। बॉडी पाट्र्स के टुकड़े बिखरे मिले। रेस्क्यू टीम ने इन टुकड़ों को पॉलीथीन में इकट्ठा किया।
फैक्ट्री मालिक से संपर्क नहीं
कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने कहा कि देखकर लग रहा है कि छोटा एक्सप्लोसिव मटेरियल था। गैस रिसाव नहीं था। एडीएम सुमिता मिश्रा के अनुसार, फैक्ट्री मालिक का नाम राजेंद्र है। उन्होंने किसी तिवारी को यह फैक्ट्री लीज पर दी थी। दोनों से संपर्क नहीं हो पाया है। हालांकि, फैक्ट्री मैनेजर को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है।
मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे मंत्री-विधायक
वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा और तिजारा विधायक बालकनाथ ने मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे, लेकिन परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें किसी की सुध नहीं है। ऐसे में वे न तो नेताओं से मिल पाने की स्थिति में है, न ही कुछ बोलने की।
मंत्री बोले– गैरकानूनी तरीके से बनाए जा रहे थे पटाखे
मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि यह गारमेंट जोन है, यहां दूसरा व्यवसाय नहीं हो सकता, लेकिन गैरकानूनी तरीके से पटाखे बनाने का काम गेट पर ताले लगाकर किया जा रहा था। मृतकों की पहचान डीएनए से कराई जा रही है। अधिकतर मजदूर बिहार के बताए जा रहे हैं। खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर बिहार के मोतिहारी जिले के कलेक्टर से लगातार संपर्क में हैं। राज्य सरकार ने एक कमेटी गठित की है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, खासकर रीको को निर्देशित किया गया है। पूरे भिवाड़ी और खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया जाएगा। फैक्ट्री जिस काम के लिए रजिस्टर्ड है, उसके अलावा कोई अन्य काम होता पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
राज्य मंत्री ने कलेक्टर-एसपी को जांच के निर्देश दिए
वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। मंत्री ने खैरथल-तिजारा कलेक्टर अर्तिका शुक्ला और एसपी मनीष कुमार को मामले में जांच के निर्देश दिए। साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।
तीन मृतकों की पहचान हुई
आठ मृतकों में से 3 की पहचान हो गई है। ये तीनों मिंटू, नितेश और सुजान बिहार के मोतिहारी जिले के रहने वाले थे। इसके अलावा 4 मजदूरों अनूप कुमार, जुन्नु, विवेक कुमार और मन्नू को एम्स रेफर किया गया है। बाकी शव इतनी बुरी तरह जल गए है कि पहचान डीएनए जांच के बाद ही संभव हो पाएगी।
फैक्ट्री मैनेजर को पुलिस ने थाने बुलाकर हिरासत में लिया
पुलिस सुबह से फैक्ट्री मालिक और मैनेजर से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी। काफी कोशिश के बाद फैक्ट्री के मैनेजर अभिनंदन से फोन पर बात हो पाई। अब पुलिस ने उसे थाने बुलाने के बाद हिरासत में ले लिया है। पुलिस फैक्ट्री मैनेजर से पूछताछ कर रही है।