उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, देश-दुनिया, बिजनेस, राजनीति

होर्मुज खुला रखने को लेकर डोनाल्‍ड ट्रंप की NATO को धमकी, बोले- मदद करें, नहीं तो बुरा होगा

होर्मुज खुला रखने को लेकर डोनाल्‍ड ट्रंप की NATO को धमकी, बोले- मदद करें, नहीं तो बुरा होगा

तेल अवीव/तेहरान: अमेरिका-इजराइल और ईरान का एक-दूसरे पर वार का सोमवार (16 मार्च) को 17वां दिन है। आज सुबह दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक फ्यूल टैंक को निशाना बनाया गया। इससे पहले भी जंग के दौरान यहां हमला हो चुका है। हमले के कारण कुछ उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया। वहीं, अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने रविवार को NATO देशों को धमकी दी।

राष्‍ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अगर सहयोगी देश होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखने में मदद नहीं करते हैं तो NATO का भविष्य बहुत खराब हो सकता है। उन्‍होंने कहा कि हमारे पास NATO नाम की एक व्यवस्था है। हम उनके साथ बहुत अच्छे रहे हैं। हमें यूक्रेन के मामले में उनकी मदद करने की जरूरत नहीं थी। फिर भी हमने उनकी मदद की। अब देखना है कि क्या वे हमारी मदद करते हैं।

दरअसल, ट्रम्प ने होर्मुज स्ट्रेट का इस्तेमाल करने वाले देशों से इस रास्ते का रक्षा करने के लिए वॉरशिप और जरूरी मदद भेजने की मांग की थी। दुनियाभर का 20% तेल इसी रूट से गुजरता है।

ट्रम्प बोले- समझ सकता हूं कि ईरान में लोग विरोध क्यों नहीं कर रहे

ट्रम्प ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि वह समझ सकते हैं कि ईरान में लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने ईरान के नेतृत्व की ओर इशारा करते हुए कहा, “आप ऐसे लोगों से निपट रहे हैं जो बहुत कठोर हैं।” उन्होंने कहा कि ईरानी अधिकारियों ने लोगों को चेतावनी दी है कि अगर वे विरोध प्रदर्शन करेंगे तो उन्हें गोली मार दी जाएगी। ट्रम्प ने कहा कि इसी वजह से लोग विरोध करने के लिए बाहर नहीं आ रहे हैं। इससे पहले ट्रम्प ने ईरान में लोगों से सड़कों पर उतरकर अपनी सरकार को हटाने की अपील की थी।

ईरान में इजराइली हवाई हमलों से क्लिनिक और एक राहत केंद्र को नुकसान

ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने कहा है कि तेहरान पर हुए ताजा हवाई हमलों में एक क्लिनिक और एक राहत केंद्र को नुकसान पहुंचा है। ऑनलाइन जारी किए गए वीडियो में टूटा हुआ कांच और फर्श पर बिखरे हुए क्षतिग्रस्त उपकरण दिखाई दे रहे हैं।

इराक में ईरान समर्थक मिलिशिया के ठिकाने पर हवाई हमला, तीन घायल

इराक के जुरफ अल-सखर इलाके में पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स (PMF) के मुख्यालय पर हवाई हमला किया गया है। सूत्र के अनुसार इस हमले में तीन लोग घायल हुए हैं। पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स, शिया अर्धसैनिक गुटों का संगठन है। यह इराक की सरकारी सुरक्षा बलों में शामिल है और इसमें ईरान से जुड़े कई समूह भी शामिल हैं।

ईरान ने इजराइल पर ‘सेजिल बैलिस्टिक मिसाइल’ दागी

ईरान की इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि इजराइल के सैन्य और डिफेंस फैसिलिटी को निशाना बनाया गया है। यह सॉलिड फ्यूल वाली स्ट्रैटेजिक मिसाइल है, जो 2000-2500 किलोमीटर तक हमला कर सकती है।

द नेशनल इंटरेस्ट पत्रिका के अनुसार, इस मिसाइल की पहुंच मिस्र, सूडान के कुछ हिस्सों, यूक्रेन के बड़े हिस्से, दक्षिणी रूस, पश्चिमी चीन, भारत और हिंद महासागर और भूमध्य सागर के बड़े क्षेत्रों तक हो सकती है।

जंग के बीच UAE में 19 भारतीय गिरफ्तार

जंग के बीच UAE ने 35 लोगों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया, जिनमें 19 भारतीय हैं। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, इन पर सोशल मीडिया पर फेक वीडियो और जानकारी फैलाने का आरोप है। UAE के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद सैफ अल शम्स ने बताया कि यह कदम डिजिटल प्लेटफॉर्म की निगरानी के बाद उठाया गया है, ताकि झूठी जानकारी फैलाकर अशांति या डर फैलाने से रोका जा सके।

ऑस्ट्रेलिया ने होर्मुज स्ट्रेट में वॉरशिप भेजने से इनकार किया

ऑस्ट्रेलिया ने साफ कर दिया है कि वह होर्मुज में अपने युद्धपोत नहीं भेजेगा। यह बयान उस समय आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस रूट को खुला रखने के लिए सहयोगी देशों से मदद मांगी। ऑस्ट्रेलिया की परिवहन मंत्री कैथरीन किंग ने एबीसी रेडियो को दिए इंटरव्यू में कहा कि ऑस्ट्रेलिया पहले ही अपने योगदान को लेकर स्पष्ट है।

मंत्री किंग ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की सहायता के लिए विमान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, खासकर इसलिए क्योंकि उस क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऑस्ट्रेलियाई नागरिक मौजूद हैं। उन्‍होंने कहा, लेकिन हम होर्मुज जलडमरूमध्य में कोई जहाज नहीं भेजेंगे। हमें पता है कि यह कितना अहम है। हमें ऐसा करने के लिए नहीं कहा गया है और न ही हम ऐसा करने में योगदान दे रहे हैं।

ईरानी विदेश मंत्री बोले– इजराइल को वॉर क्राइम के लिए सजा मिलनी चाहिए

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने तेहरान में ईंधन भंडारों पर इजराइल के हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। सोशल मीडिया पर जारी बयान में अराघची ने कहा कि इन हमलों के कारण वहां रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य और जीवन पर लंबे समय तक असर पड़ सकता है।। अराघची ने कहा, “इजराइल को वॉर क्राइम के लिए सजा मिलनी चाहिए।”

दुबई एयरपोर्ट ने हमले के बाद उड़ानें डायवर्ट की

दुबई एयरपोर्ट्स के पास ड्रोन हमले के बाद दुबई इंटरनेशनल के पास आग लगने की घटना के चलते कुछ उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डे की ओर मोड़ा गया है। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार इन उड़ानों को जेबेल अली स्थित अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (DWC) भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *