उत्तर प्रदेश, राजनीति

बरेली में SIR अभियान पर DM का फोकस, समीक्षा बैठक में अधिकारियों को चेताया

बरेली में SIR अभियान पर DM का फोकस, समीक्षा बैठक में अधिकारियों को चेताया

बरेली: जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार (03 नवंबर) को कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायत निर्वाचन नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण-2025 और विधानसभा/लोकसभा मतदाता सूची से जुड़े एसआईआर (Special Intensive Revision) व एमएलसी निर्वाचन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सबसे पहले भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन (MLC) क्षेत्र की नामावली तैयार किए जाने की समीक्षा हुई। SDM सदर ने बताया कि अब तक 2850 फॉर्म प्राप्त हुए हैं और 6 नवंबर तक फॉर्म जमा किए जा सकते हैं। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी फॉर्म की पात्रता की जांच अनिवार्य रूप से की जाए।

SIR अभियान की रैंडम जांच के निर्देश

डीएम ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त फॉर्मों की रैंडम जांच कराई जाए। साथ ही सभी ईआरओ और एईआरओ को निर्देश दिए कि वे बीएलओ को प्रतिदिन सेंसिटाइज करें और कार्य की वास्तविक स्थिति पर निगरानी रखें।

पंचायत निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण-2025 की समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देश दिए कि संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का बीएलओ के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराया जाए। इसके बाद SDM सदर या सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा विलोपन की कार्यवाही की जाए।

ऑनलाइन आवेदनों की जांच और डेटा फीडिंग पर जोर

बैठक में यह भी तय किया गया कि ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों का सत्यापन बीएलओ करें और SDM सदर/एईआरओ लॉगिन से स्वीकृति अथवा अस्वीकृति की प्रक्रिया पूरी करें। इसके साथ ही ई-बीएलओ ऐप पर किए गए परिवर्धन, संशोधन और विलोपन की जांच भी समय से पूरी की जाए। डीएम ने कहा कि वेन्डर के माध्यम से डाटा फीडिंग कार्य तय समय पर कराया जाए और सभी हस्तलिखित पांडुलिपियां जिला निर्वाचन कार्यालय को सौंपी जाएं।

डीएम ने स्पष्ट किया कि ड्राफ्ट नामावलियों की कम्प्यूटरीकृत पांडुलिपि 24 नवंबर तक हर हाल में तैयार की जानी है। उन्होंने कहा कि सभी ईआरओ और एईआरओ अपने-अपने क्षेत्र में कंप्यूटर ऑपरेटर लगाकर कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करें।

बैठक में मौजूद अधिकारी

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ दुबे, सभी उप जिलाधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *