एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह की स्टारर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ यानी ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के तीसरे दिन यानी शनिवार (21 मार्च) को भारत में 113 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म का पेड प्रीव्यू सहित तीन दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 339.27 करोड़ रुपये हो गया। 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
पहले शनिवार की कमाई के मामले में इसने पुष्पा 2, जवान, बाहुबली 2 और दंगल जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। फिल्म ने अब तक विदेशों में करीब 96.50 करोड़ रुपये कमाए हैं, जिसके चलते दुनियाभर में फिल्म का कुल कलेक्शन 501.04 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। भारत में तीन दिन का नेट कलेक्शन पेड प्रीव्यू शो बुधवार को 43 करोड़, गुरुवार को 102.55 करोड़, शुक्रवार को 80.72 करोड़ और शनिवार को 113 करोड़ के कुल कलेक्शन के साथ टोटल 339.27 करोड़ रुपये की कमाई की है।
फिल्म ने पहले शनिवार को रिकॉर्ड कमाई की
तीसरे दिन 20,917 शोज में फिल्म की 81.6% ऑक्यूपेंसी रही। हिंदी वर्जन ने 105 करोड़ के साथ सबसे ज्यादा कमाई की। वहीं, तेलुगु में 5 करोड़ और तमिल में 2.95 करोड़ का कलेक्शन हुआ। धुरंधर 2 ने रिलीज के पहले शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई करते हुए कई फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए।
इससे पहले अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2 के हिंदी वर्जन ने पहले शनिवार को 73.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी। जवान ने 68.72 करोड़ रुपये कमाए, जबकि एनिमल ने 58.37 करोड़ रुपये और पठान ने 51.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
बाहुबली 2 से लेकर RRR तक का कलेक्शन
वहीं, बाहुबली 2 ने 40.50 करोड़ रुपये और केजीएफ चैप्टर 2 ने 40 करोड़ रुपये कमाए। स्त्री 2 ने 43.85 करोड़ रुपये और गदर 2 ने 43.08 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके अलावा संजू ने 38.60 करोड़ रुपये, दंगल ने 33.93 करोड़ रुपये, धुरंधर ने 32 करोड़ रुपये और RRR ने 24 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।