IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 18वें सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने पंजाब किंग्स को छह रन से हराकर अपना पहला आईपीएल खिताब जीता। 18 सालों बाद विराट के हाथों आई इस ट्रॉफी के लिए मनोरंजन जगत के कई सितारे विराट को बधाई दे रहे हैं। इसी क्रम में अब एक्ट्रेस और कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा, जो भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल की पूर्व पत्नी हैं ने भी विराट कोहली को बधाई दी है। मगर, चहल के लिए नहीं लिखा कोई संदेश।
एक्ट्रेस और कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा ने बुधवार की सुबह अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी लगाई। इसमें उन्होंने भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली की एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वो अपने हाथों में आईपीएल की ट्रॉफी लिए टीम के साथ ग्राउंड पर जश्न मना रहे हैं। इसके साथ अभिनेत्री ने कैप्शन दिया कि आखिरकार नंबर 18 यानी विराट कोहली ने ये ट्रॉफी जीत ली। बधाई विराट और उनकी टीम को।
धनश्री का क्रिकेट से रहा है गहरा नाता
विराट कोहली की टीम ने जिस टीम को हराया है, उसका नाम पंजाब किंग्स है। इस टीम में कोरियोग्राफर धनश्री के पूर्व पति क्रिकेटर युजवेंद्र चहल भी हिस्सा हैं। बताते चलें कि युजवेंद्र चहल साल 2014 से 2021 तक आरसीबी टीम का ही हिस्सा थे। हालांकि, चहल के साथ लंबे समय तक रहने के बाद भी धनश्री ने उन्हें और उनकी टीम पंजाब किंग्स को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
चहल और धनश्री ने दिसंबर 2020 में शादी की थी, लेकिन रिश्तों में कड़वाहट की वजह से साल 2025 में दोनों आधिकारिक रूप से अलग हो गए थे। इस समय कोरियोग्राफर और एक्ट्रेस अपने कई प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। हाल ही में उन्हें राजकुमार राव और वामिका गब्बी अभिनीत फिल्म ‘भूल चूक माफ’ में एक आइटम सॉन्ग ‘टिंग लिंग सजना’ में देखा गया है।