Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आतंकी खतरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा अलर्ट जारी किया है. खुफिया इनपुट के मुताबिक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली में बड़े हमले की साजिश रच रहा है. जानकारी के अनुसार आतंकियों का निशाना ऐतिहासिक लाल किला और उसके आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थल हो सकते हैं. अलर्ट मिलते ही दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह हरकत में आ गई हैं. लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. खास तौर पर लाल मंदिर और गौरी शंकर मंदिर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. मंदिर परिसरों की छतों पर भी जवानों की तैनाती की गई है. चांदनी चौक जाने वाले रास्तों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
दिल्ली में दहशत फैलाने की साजिश में है आतंकी संगठन
खुफिया एजेंसियों के अनुसार, आतंकी संगठन दिल्ली में एक के बाद एक धमाके कर दहशत फैलाने की साजिश में है. इसलिए धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. सुरक्षा एजेंसियों को एक धमकी भरा संदेश भी मिला है, जिसमें राजधानी दिल्ली को ‘अगला निशाना’ बताया गया है. इस संदेश में लाल किला और मंदिरों का नाम लेकर हमले की चेतावनी दी गई है. जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है.